Free Gold Insurance: भारत में सोना निवेश और परंपरा दोनों का प्रतीक है. जहां कुछ लोग इसे वित्तीय निवेश के रूप में खरीदते हैं. वहीं ज्यादातर लोग सोने के आभूषण शादी-ब्याह या अन्य अवसरों के लिए लेते हैं. लेकिन गहनों की चोरी और स्नैचिंग जैसी घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा देती हैं.
ज्वैलर्स से सोना खरीदने पर मिल सकता है फ्री इंश्योरेंस
क्या आप जानते हैं कि कुछ प्रमुख ज्वैलर्स जैसे मालाबार, तनिष्क और सेन्को गोल्ड एंड डायमंड अपने ग्राहकों को सोना खरीदने पर मुफ्त बीमा (Gold Insurance) भी देते हैं? इस स्कीम के तहत अगर आपका गहना चोरी हो जाए या खो जाए, तो बीमा कंपनी उसकी भरपाई करती है. हालांकि अधिकतर लोगों को इस सुविधा की जानकारी नहीं होती. जिससे वे इस लाभ से वंचित रह जाते हैं.
गोल्ड इंश्योरेंस से क्या-क्या होता है कवर?
इस फ्री इंश्योरेंस पॉलिसी में गहनों को होने वाली प्राकृतिक और मानवीय क्षति को कवर किया जाता है. इसमें शामिल हैं:
- भूकंप, बाढ़ जैसे प्राकृतिक आपदाएं
- स्नैचिंग, रॉबरी, डकैती जैसी घटनाएं
- दंगे या सड़क हादसों में नुकसान
यह बीमा आपकी खरीदी गई ज्वेलरी को हर तरह की अनपेक्षित घटनाओं से सुरक्षा देता है.
बीमा की अवधि और रिन्यूअल की प्रक्रिया
आमतौर पर ज्वैलर्स द्वारा दिया जाने वाला फ्री इंश्योरेंस एक साल के लिए वैध होता है. इसके बाद ग्राहक चाहें तो इसे रिन्यू भी करवा सकते हैं. हालांकि रिन्यूअल पर अलग से शुल्क देना पड़ सकता है और यह सुविधा हर ज्वैलर के यहां उपलब्ध नहीं होती. इसलिए सोना खरीदते वक्त यह जरूर पूछें कि इंश्योरेंस की अवधि कितनी है और रिन्यू का विकल्प उपलब्ध है या नहीं.
गहनों की सुरक्षा के लिए समझदारी से करें खरीदारी
अगर आप सोना खरीदने जा रहे हैं, तो यह जरूर जांच लें कि क्या उस ज्वैलर से बीमा भी मिल रहा है. इससे आपका निवेश सुरक्षित रहेगा और किसी भी आपात स्थिति में आर्थिक नुकसान से राहत मिल सकेगी.