Wine Bottle Size: वाइन पीने के शौकीन दुनियाभर में मिल जाएंगे। इसे न सिर्फ स्वाद और शैली का प्रतीक माना जाता है। बल्कि कई जगहों पर यह संस्कृति और परंपरा से भी जुड़ी होती है। वाइन को लेकर एक मशहूर धारणा है कि जितनी पुरानी वाइन होती है, उसका स्वाद उतना ही बेहतर हो जाता है। यह बात रासायनिक प्रक्रियाओं पर आधारित है।
लेकिन आज हम किसी वैज्ञानिक प्रक्रिया की नहीं, बल्कि वाइन की बोतल से जुड़ी एक बेहद दिलचस्प जानकारी साझा कर रहे हैं। जिसे आप शायद ही जानते होंगे। क्या आपने कभी गौर किया है कि वाइन की बोतल हमेशा 750 मिलीलीटर की ही होती है? न तो ये बोतलें 500 ml की होती हैं, न 1 लीटर की। आखिर क्यों?
शुरुआत हुई थी रोमन साम्राज्य से
वाइन का इतिहास बेहद पुराना है। पहली शताब्दी में रोमन साम्राज्य (Roman Empire) के समय से ही कांच की बोतलों का उपयोग शुरू हुआ था। लेकिन उस समय ग्लास बोतलें बहुत महंगी हुआ करती थीं, इसलिए उनका इस्तेमाल केवल अमीर तबके तक सीमित था।
18वीं सदी तक आते-आते ग्लास प्रोडक्शन में क्रांतिकारी बदलाव हुए।
- कोयले से चलने वाली भट्टियों के आगमन ने कांच को सस्ते में और मजबूत रूप में बनाना आसान किया
- बोतलों का आकार अब गोल नहीं बल्कि लंबा होने लगा, जिससे वाइन को लंबे समय तक सुरक्षित और आसानी से ट्रांसपोर्ट किया जा सके
750 ml की बोतल का असली कारण: इंसानी फेफड़ों की क्षमता
अब बात करते हैं सबसे अहम सवाल की—वाइन की बोतल 750 ml की ही क्यों होती है?
इसका उत्तर छिपा है उस दौर के कारीगरों की सांसों में। दरअसल 18वीं सदी में मशीनों का चलन नहीं था। वाइन की बोतलें हाथों से और फूंक मारकर बनाई जाती थीं।
- एक औसत व्यक्ति के फेफड़ों की क्षमता 700 से 800 ml के बीच होती है
- जब कारीगर कांच को गरम कर फूंकते थे, तो एक बार में 750 ml के करीब ही हवा भर पाते थे
- यही वजह थी कि वाइन की प्राकृतिक रूप से बनी बोतलें लगभग 750 ml की होती थीं
इसका कोई वैज्ञानिक निर्णय नहीं था। बल्कि यह शारीरिक क्षमता की सीमा पर आधारित था।
आज भी जारी है पुरानी परंपरा
अब सवाल उठता है कि जब आज मशीनों से किसी भी साइज की बोतलें बनाई जा सकती हैं, तो 750 ml की परंपरा क्यों जारी है?
इसका उत्तर ब्रांडिंग और रेग्युलेशन में छिपा है:
- अमेरिका ने 1970 के दशक में वाइन के लिए 750 ml की बोतल का नियम बना दिया
- इस नियम के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वाइन उत्पादक कंपनियों ने इसी साइज को फॉलो करना शुरू किया
- इससे स्टैंडर्ड पैकेजिंग, ट्रेडिंग में आसानी और ग्राहकों को एक समान अनुभव मिलने लगा
- साथ ही कंपनियां इस साइज को वाइन की पुरानी परंपरा से जोड़कर ब्रांड वैल्यू भी बढ़ाने लगीं
क्या ये साइज वाइन के स्वाद को भी प्रभावित करता है?
सवाल यह भी है कि क्या बोतल का आकार वाइन की गुणवत्ता या उसके स्वाद को प्रभावित करता है?
उत्तर है—हां, थोड़े-बहुत हद तक।
- बोतल का वॉल्यूम और उसमें हवा की मात्रा वाइन के परिपक्व होने की प्रक्रिया को प्रभावित करती है
- 750 ml की बोतल में ऑक्सीजन का संतुलन बेहतर बना रहता है, जिससे वाइन धीरे-धीरे उम्रदराज होती है
- इस प्रक्रिया से वाइन का स्वाद, रंग और खुशबू धीरे-धीरे विकसित होती है
बड़ी या छोटी बोतलें भी बनती हैं, लेकिन…
हालांकि आज बाजार में 375 ml (हाफ), 1.5 लीटर (मैग्नम) जैसी बड़ी या छोटी बोतलें भी मिलती हैं, लेकिन ये विशेष अवसरों या उपहार के तौर पर ही अधिक उपयोग में आती हैं। स्टैंडर्ड बोतल के रूप में 750 ml की ही सबसे ज्यादा मान्यता है। खासकर रेस्त्रां, वाइन शॉप और इंटरनेशनल ट्रेड में।
क्या ये नियम केवल वाइन पर लागू है?
नहीं। लेकिन वाइन ही एकमात्र ऐसी ड्रिंक है। जिसे इतिहास, परंपरा और विज्ञान के अनूठे मेल के कारण 750 ml में स्टैंडर्डाइज किया गया है। दूसरी शराबों या पेय पदार्थों में 500 ml, 1 लीटर, 2 लीटर जैसी मात्रा आम है। लेकिन वाइन की बात हो तो 750 ml ही उसका असली आकार माना जाता है।