Washing Machine Safai Tips: हम सभी वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल रोजाना कपड़े धोने के लिए करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि वह मशीन जिसे आप साफ कपड़े पाने के लिए इस्तेमाल करते हैं. क्या वह खुद कितनी साफ है? वॉशिंग मशीन की साफ-सफाई को नजरअंदाज करना सिर्फ मशीन की उम्र कम करता है. बल्कि आपके कपड़ों को भी बैक्टीरिया और फफूंद से संक्रमित कर सकता है. आज हम आपको बताने जा रहे हैं कुछ आसान और असरदार घरेलू उपाय, जिनकी मदद से आप अपनी वॉशिंग मशीन को साफ, बदबू-रहित और लंबे समय तक टिकाऊ बना सकते हैं.
ड्रम की सफाई से करें शुरुआत
सबसे पहला और महत्वपूर्ण स्टेप है वॉशिंग मशीन के ड्रम की सफाई. मशीन को खाली करें और उसमें गर्म पानी भरें. यदि आपकी मशीन में ‘Tub Clean’ या ‘Drum Clean’ मोड है, तो उसे एक्टिव करें. अब इस गर्म पानी में 2 कप व्हाइट विनेगर (सिरका) और आधा कप बेकिंग सोडा डालें. मशीन को 10-15 मिनट तक चलाएं. सिरका और बेकिंग सोडा दोनों मिलकर फंगस, बदबू और बैक्टीरिया को दूर करते हैं. उसके बाद मशीन को बंद करें और साफ सूखे कपड़े से ड्रम को पोछ लें.
डिटर्जेंट ट्रे की गहराई से सफाई करें
वॉशिंग मशीन की सफाई केवल ड्रम तक सीमित नहीं है. डिटर्जेंट ट्रे, जो रोजाना साबुन और पानी के संपर्क में रहती है, उसमें अक्सर साबुन की परत जम जाती है. इस ट्रे को बाहर निकालें और गर्म पानी और ब्रश की मदद से अंदर-बाहर से अच्छी तरह साफ करें. यह न केवल सफाई में मदद करेगा बल्कि साबुन के जमे अवशेष भी हट जाएंगे.
रबर गैस्केट यानी डोर सील पर ध्यान देना जरूरी
वॉशिंग मशीन के दरवाजे पर जो रबर गैस्केट लगी होती है. वह नमी के कारण फंगस और बदबू का प्रमुख कारण बन जाती है. इस पर जमी गंदगी को साफ करने के लिए उसमें सिरका और नींबू का रस मिलाकर लगाएं. ब्रश या कपड़े से धीरे-धीरे इसे साफ करें. इससे गैस्केट नई जैसी चमकने लगेगी और फफूंद भी हट जाएगी.
फिल्टर को भी करें साफ
अक्सर हम वॉशिंग मशीन के फिल्टर को नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन यह बहुत जरूरी हिस्सा है. मशीन के नीचे या साइड में लगे फिल्टर को बाहर निकालें और उसमें फंसी गंदगी, धागे और अन्य कचरे को हटाएं. फिर इसे साफ पानी से धोकर सुखा लें और वापस लगाएं. अगर यह स्टेप छोड़ दिया गया, तो पानी की निकासी में समस्या हो सकती है और मशीन की कार्यक्षमता पर असर पड़ता है.
बाहरी हिस्से की सफाई भी है अहम
मशीन के बाहरी हिस्सों पर भी धूल और गंदगी जम जाती है. जिसे हम अक्सर अनदेखा कर देते हैं. हर हफ्ते साफ सूखे या हल्के गीले कपड़े से मशीन को बाहर से पोंछना चाहिए. बटन, डिस्प्ले और कवर के किनारों पर जमा धूल को कॉटन स्वैब या ब्रश की मदद से साफ करें. इससे मशीन दिखने में साफ लगेगी और इसके बटन और फीचर्स भी सही से काम करेंगे.
हर महीने करें डीप क्लीनिंग
विशेषज्ञों की मानें तो मशीन की गहराई से सफाई महीने में कम से कम एक बार जरूर करनी चाहिए. यदि आपके घर में मशीन का रोजाना इस्तेमाल होता है, तो यह और भी जरूरी हो जाता है. डीप क्लीनिंग से न सिर्फ मशीन की उम्र बढ़ती है. बल्कि बिजली की खपत भी कम होती है और कपड़े बेहतर साफ होते हैं.
क्यों जरूरी है वॉशिंग मशीन की सफाई?
- बैक्टीरिया और फंगस से बचाव: मशीन में बचा पानी और नमी फंगस के लिए आदर्श माहौल बनाते हैं.
- बदबू से छुटकारा: गंदगी के कारण कपड़ों में अजीब सी गंध आ सकती है.
- मशीन की कार्यक्षमता बनाए रखना: नियमित सफाई से मशीन की कार्यक्षमता बनी रहती है और वह जल्दी खराब नहीं होती.
- कपड़ों की सफाई में सुधार: साफ मशीन से कपड़े भी ज्यादा साफ और फ्रेश दिखते हैं.
कुछ अतिरिक्त सुझाव
- यदि मशीन में अलग से क्लीनिंग मोड हो, तो उसका इस्तेमाल नियमित रूप से करें.
- वॉशिंग मशीन में हर वॉश के बाद दरवाजा खुला छोड़ दें ताकि अंदर हवा जाए और नमी सूख सके.
- ज्यादा डिटर्जेंट का इस्तेमाल ना करें, यह ट्रे और ड्रम में परत जमा देता है.
- हर बार वॉशिंग के बाद फिल्टर को चेक कर लें.