UP Rain Forecast: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. बीते 24 घंटों से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है. पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरणों के सक्रिय होने से प्रदेशभर में तेज हवाओं और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है. अधिकतम तापमान में 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई. जिससे वातावरण ठंडा और आरामदायक हो गया है.
मौसमी सिस्टम का असर
भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस समय उत्तर प्रदेश और हरियाणा के ऊपर निचले क्षोभमंडल में दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं. इसके साथ ही पंजाब के ऊपर मध्य क्षोभमंडल में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है. इन तीनों मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से अरब सागर से आर्द्र हवाएं उत्तर भारत की ओर बह रही हैं. जिससे वर्षा हो रही है.
बारिश से गिरा तापमान
बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकतर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है.
इस बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री तक नीचे आ गया है और 40°C से नीचे पहुंच गया है. लोगों को गर्मी और लू से राहत मिली है.
अगले 24 घंटे भी अहम
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश का यह सिलसिला अगले 24 घंटे तक जारी रह सकता है. 5 जून से बारिश में कमी आना शुरू होगी और 6 जून से मौसम शुष्क हो सकता है.
इसके बाद तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है. जिससे गर्मी दोबारा लौट सकती है.
इन जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली में बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश हो सकती है.
इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, मऊ, बलिया, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर जैसे जिलों में भी इसी तरह का मौसम रह सकता है.
आंधी और झोंकेदार हवाओं का भी अलर्ट
30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं का अलर्ट भी जारी किया गया है. सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकर नगर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलन्दशहर, बरेली, पीलीभीत, झांसी, ललितपुर सहित कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं. जिससे पारंपरिक तंबू, पेड़ और कच्चे ढांचे प्रभावित हो सकते हैं.
तापमान में अगले 48 घंटे में क्या बदलाव होगा?
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में पहले 2 डिग्री गिरावट, फिर 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. न्यूनतम तापमान में पहले 2-3 डिग्री गिरावट, फिर 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है. यानि राहत के साथ-साथ दोबारा गर्मी लौटने के संकेत भी साफ हैं.