School Summer Vacation 2025: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग के तहत संचालित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश 20 मई 2025 से शुरू हो रहा है. यह अवकाश 27 दिनों तक चलेगा और 15 जून को समाप्त होगा. गर्मी की छुट्टियों को लेकर छात्रों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. इस दौरान विद्यालयों में शिविरों और शैक्षिक गतिविधियों की भी योजना बनाई गई है.
16 जून से विद्यालयों में फिर से पढ़ाई होगी शुरू
बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी शैक्षिक सत्र 2025-26 के कैलेंडर में यह स्पष्ट किया गया है कि छुट्टियों के बाद 16 जून से स्कूल दोबारा खुलेंगे. शिक्षकों की उपस्थिति इस दिन से अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी. स्कूल खुलने के बाद कुछ ही दिनों में नियमित कक्षाओं का संचालन भी शुरू हो जाएगा.
गर्मी की छुट्टी के दौरान भी होंगे शैक्षिक कार्यक्रम
19 मई को सभी 1246 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अंतिम बार कक्षाएं संचालित की जाएंगी. इसके बाद अवकाश की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी. इस दौरान भी मिशन प्रेरणा, ऑपरेशन कायाकल्प, ग्रीष्मकालीन शिविर जैसे शैक्षिक और विकासात्मक कार्य चलते रहेंगे. जिनका उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता और शिक्षकों में उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है.
शिक्षकों को छुट्टी के दौरान भी निभानी होंगी जिम्मेदारियां
गर्मियों की छुट्टियों में भी शिक्षकों को ऑनलाइन माध्यम से सूचना का आदान-प्रदान करते रहना होगा. गैर-जनपद में नियुक्त शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे चुनाव संपन्न होने तक अपने जनपद में ही रहें. इसके साथ ही सभी शिक्षकों को मोबाइल चालू अवस्था में रखना आवश्यक होगा. ताकि किसी भी विभागीय सूचना पर समय रहते कार्रवाई की जा सके.
समर कैंप और विभागीय कार्यों में होगी शिक्षकों की भागीदारी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने जानकारी दी कि ग्रीष्मावकाश केवल आराम का समय नहीं है. बल्कि यह शैक्षिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को निभाने का भी चरण है. इस दौरान समर कैंप और अन्य विभागीय कार्यों से जुड़े शिक्षक अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे.