Public Holiday: उत्तर प्रदेश में 12 मई 2025, सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. इस दिन प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज, बैंक और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे. यह अवकाश बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर घोषित किया गया है.
स्कूल और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नहीं लगेगी कक्षाएं
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा जारी वार्षिक अवकाश तालिका के अनुसार परिषद के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी स्कूलों तथा सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 12 मई को छुट्टी लागू होगी. अगले दिन यानी 13 मई मंगलवार से सभी स्कूल सामान्य रूप से खुलेंगे.
बुद्ध पूर्णिमा पर सभी सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद
फर्रुखाबाद जिले सहित पूरे प्रदेश में 12 मई को बुद्ध पूर्णिमा मनाई जाएगी. इस दिन जिलाधिकारी कार्यालय, विकास भवन, उद्योग भवन, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड और अन्य सभी राज्य सरकार के अधीन कार्यालय बंद रहेंगे. सरकार द्वारा यह निर्णय बुद्ध पूर्णिमा की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए लिया गया है.
बैंकों में भी अवकाश रहेगा
बैंक यूनियन की वार्षिक छुट्टी तालिका के अनुसार भी 12 मई को सभी बैंकों में अवकाश रहेगा. बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक और अन्य सभी राष्ट्रीयकृत व निजी बैंक सोमवार को बंद रहेंगे. 13 मई से सभी बैंक सामान्य समय पर कार्य करना शुरू करेंगे.
अवकाश का कारण: बुद्ध पूर्णिमा का पर्व
12 मई को वैशाख मास की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि है. जिसे बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है. यह दिन गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण से जुड़ा हुआ है. धार्मिक दृष्टि से यह हिंदू और बौद्ध समुदाय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन माना जाता है.