UP Weather Forecast: उत्तर प्रदेश में 29 जून से मानसून ने जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि आगामी दो से तीन दिनों में पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कच्छ तट पर बने निम्न दबाव क्षेत्र और बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल क्षेत्र में सक्रिय मौसमी प्रणाली के चलते प्रदेश में मानसूनी प्रवाह काफी मजबूत हुआ है। साथ ही, दक्षिण यूपी में बने चक्रवाती परिसंचरण और पूर्व-पश्चिम द्रोणी के उत्तर की ओर खिसकने के कारण प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
29 जून से प्रदेश के पश्चिमी व पूर्वी हिस्सों में जोरदार बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 29 जून को यूपी के दोनों भागों – पूर्वी और पश्चिमी – में अधिकांश स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज गरज और बिजली गिरने के भी आसार हैं।
इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
रविवार को जिन जिलों में तेज बारिश का खतरा है। उनमें प्रमुख हैं बलरामपुर, श्रावस्ती, बरेली, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर और आसपास के इलाके। इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
बिजली चमकने और गरजने की आशंका वाले जिले
तेज गरज और बिजली गिरने की आशंका इन जिलों में जताई गई है फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, मऊ, बलिया, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा और बाराबंकी। इसके अलावा अंबेडकर नगर, शामली, मेरठ, संभल, बदायूं, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, हापुड़, अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, हाथरस और आगरा भी इस सूची में शामिल हैं।
30 जून को भारी बारिश की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 30 जून को उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इससे नदी किनारे वाले क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
तापमान में होगी गिरावट
विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेशवासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
1 जुलाई के बाद दक्षिणी यूपी में और सक्रिय होगा मानसून
1 जुलाई के बाद मौसमी द्रोणी के दक्षिण की ओर खिसकने की संभावना है, जिससे दक्षिणी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा की स्थिति बन सकती है। अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। जिससे हर जिले में बारिश तेज हो जाएगी।
अब तक कहां-कहां हुई बारिश?
पिछले 24 घंटों में सोनभद्र और सहारनपुर में भारी वर्षा दर्ज की गई है। यह संकेत है कि मानसून की गति अब तेज हो चुकी है और इसका प्रभाव जल्द ही प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी दिखाई देगा।
कृषि और आमजन के लिए राहत
बारिश जहां किसानों के लिए राहत लेकर आई है। वहीं गरज-चमक और बिजली गिरने जैसी घटनाएं आमजन के लिए खतरा भी बन सकती हैं। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें। मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल बारिश के दौरान कम करें। स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें