RBI Action On Banks: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बैंकों द्वारा नियमों के उल्लंघन पर लगातार सख्त रुख अपना रहा है. इस बार RBI ने देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई और जन स्माल फाइनेंस बैंक पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया है. यह जुर्माना बैंकिंग मानदंडों के अनुपालन में पाई गई कमियों के चलते लगाया गया है.
ग्राहकों के हित में उठाया गया कदम
RBI ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी भी बैंकिंग लेनदेन की वैधता पर निर्णय नहीं है. बल्कि इसका मकसद बैंकों द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित कराना है. यह कदम ग्राहकों के हितों की रक्षा और बैंकिंग अनुशासन को मजबूत करने के लिए उठाया गया है.
एसबीआई पर ₹1.72 करोड़ का जुर्माना
एसबीआई (State Bank of India) पर ₹1,72,80,000 का जुर्माना लगाया गया है. यह जुर्माना ऋण, अग्रिम, ग्राहक संरक्षण, अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन में जिम्मेदारी तय करने और चालू खाता खोलने से जुड़े दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर लगाया गया. RBI का कहना है कि इन मामलों में नियमों का समुचित पालन नहीं हुआ. जिसके चलते यह कदम उठाया गया.
जन स्माल फाइनेंस बैंक पर भी कार्रवाई
जन स्माल फाइनेंस बैंक लिमिटेड पर भी ₹1 करोड़ का जुर्माना ठोका गया है. यह कार्रवाई बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949 के कुछ प्रावधानों के उल्लंघन के चलते हुई. बैंक ने अनिवार्य प्रक्रियाओं में लापरवाही दिखाई. जिस पर RBI ने संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया.
पहले भी बड़े बैंकों पर गिरी गाज
इससे पहले मई के पहले सप्ताह में, RBI ने ICICI बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और IDBI बैंक सहित कई बैंकों पर कार्रवाई की थी. इनमें
- ICICI बैंक पर ₹97.80 लाख,
- एक्सिस बैंक पर ₹29.60 लाख,
- बैंक ऑफ महाराष्ट्र पर ₹31.80 लाख,
- IDBI बैंक पर ₹31.80 लाख,
- और बैंक ऑफ बड़ौदा पर ₹61.40 लाख का जुर्माना लगाया गया था.
कड़े नियमों का पालन जरूरी
RBI का कहना है कि बैंकिंग प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बैंकों को निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करना जरूरी है. अगर कोई भी बैंक नियमों से हटकर काम करता है, तो उस पर वित्तीय दंड लगाया जाएगा.