RBI Star Series Note: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी किए गए नोटों में आपने कभी नंबर के बीच में एक छोटा ★ (स्टार) चिन्ह देखा होगा. यह कोई डिज़ाइन नहीं बल्कि एक खास तरह की नोट श्रृंखला का संकेत है, जिसे “स्टार सीरीज नोट” कहा जाता है. यह जानकारी जानना जरूरी है. क्योंकि ऐसे नोट को देखकर कई लोग भ्रमित हो जाते हैं कि कहीं यह नकली तो नहीं. जबकि सच्चाई बिल्कुल अलग है.
स्टार सीरीज नोट क्या होता है?
स्टार सीरीज नोट वह होता है जिसमें नोट के नंबर के बीच में एक छोटा ‘★’ चिन्ह बना होता है. इसका अर्थ यह है कि यह नोट किसी पुराने या छपाई में खराब हुए नोट की जगह छापा गया है. RBI इस प्रकार के नोट को “रिप्लेसमेंट नोट” के तौर पर जारी करता है.
RBI ने क्यों शुरू की स्टार सीरीज प्रणाली?
स्टार सीरीज की शुरुआत साल 2006 में भारतीय रिजर्व बैंक ने की थी. इसका उद्देश्य यह था कि यदि नोट छपाई के दौरान कोई नोट क्षतिग्रस्त या दोषपूर्ण हो जाए, तो उसकी जगह एक वैध और समान मूल्य वाला नया नोट छापा जा सके. लेकिन यह नया नोट सीरियल नंबर में भेद करने के लिए ‘★’ चिह्न के साथ जारी किया जाता है.
स्टार नोट कौन-कौन से मूल्य वर्ग में मिलते हैं?
स्टार सीरीज नोट आमतौर पर 1 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के नोटों में ही देखे जाते हैं. अब जबकि ₹1000 और ₹2000 के नोट चरणबद्ध रूप से बाजार से हटाए जा चुके हैं. इन मूल्यों के नोटों में अब स्टार चिन्ह नहीं देखने को मिलता.
स्टार नोट की पहचान और उपयोगिता
स्टार नोट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह पूरी तरह से असली और वैध (Legal Tender) होता है. इसे आप सामान्य नोटों की तरह बैंक, बाजार या किसी भी लेन-देन में इस्तेमाल कर सकते हैं. कई बार लोग स्टार वाले नोट को देखकर भ्रमित हो जाते हैं और सोचते हैं कि यह जाली है. लेकिन ऐसे सभी नोट RBI द्वारा ही छापे जाते हैं और उनका मूल्य वही होता है जो किसी अन्य सामान्य नोट का होता है.
स्टार नोट की छपाई प्रक्रिया कैसे होती है?
जब नोट छापने के दौरान कोई विशेष नंबर वाला नोट खराब हो जाता है, तो उसकी जगह एक नया नोट छापा जाता है. जिसमें वही नंबर रहता है, लेकिन बीच में एक स्टार लगा होता है. इससे यह साफ होता है कि यह नोट उसी स्थान पर रिप्लेस किया गया है और यह ऑरिजिनल नोट की जगह जारी किया गया है.
क्या स्टार नोट अधिक मूल्यवान होता है?
वैसे तो सामान्य रूप से स्टार नोट का मूल्य अन्य नोटों के बराबर होता है. लेकिन कुछ पुराने या दुर्लभ सीरीज वाले स्टार नोटों की कलेक्टर्स के बीच खास मांग होती है. यदि आप नोट संग्रह (Numismatics) के शौकीन हैं, तो ये नोट आपके कलेक्शन में खास हो सकते हैं.