Rajasthan Road Development: राजस्थान के अधोसंरचना विकास को रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. वार्षिक एक्शन प्लान 2025-26 के अंतर्गत राज्य को कुल 14,811 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है. यह फंड राज्य में सड़क निर्माण, उन्नयन और औद्योगिक संपर्क मार्गों के विकास में उपयोग किया जाएगा. इस घोषणा के बाद राज्य की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है.
डबल इंजन की सरकार का दिख रहा असर
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस राशि को डबल इंजन की सरकार का प्रत्यक्ष लाभ बताया. उन्होंने कहा कि यह निवेश राजस्थान की अधोसंरचना को नई दिशा और रफ्तार देगा. उन्होंने यह भी कहा कि इस बजट से आने वाले समय में राज्य के हर गांव तक चौड़ी और पक्की सड़कों का जाल बिछेगा. जिससे न केवल विकास को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.
किन क्षेत्रों में खर्च होगा यह बजट?
राज्य को मिला यह फंड निम्नलिखित क्षेत्रों में खर्च किया जाएगा:
- प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के उन्नयन
- ग्रामीण संपर्क सड़कों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण
- औद्योगिक कॉरिडोर और यातायात भारी इलाकों में अधोसंरचना विकास
- यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाना
इस फंड से परिवहन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा. खासकर उन क्षेत्रों में जहां वर्षों से बुनियादी सड़क ढांचे की कमी है। वहां यह कार्य तेजी से किए जाएंगे.
विकसित भारत के सपने में राजस्थान की अहम भागीदारी
दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘विकसित भारत’ का सपना तभी साकार होगा, जब देश के हर कोने तक सुदृढ़ सड़क संपर्क होगा. उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान इस दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है और केंद्र सरकार के सहयोग से यह राज्य एक नई अधोसंरचना क्रांति की ओर बढ़ रहा है.
जोधपुर को भी मिला अतिरिक्त फंड
गौरतलब है कि इससे पहले भी केंद्र सरकार ने जोधपुर लोकसभा क्षेत्र में दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए 120.19 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी. यह प्रस्ताव केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के आग्रह पर स्वीकार किया गया था. इस स्वीकृति के बाद शेखावत ने नितिन गडकरी का धन्यवाद करते हुए कहा था कि यह निर्णय जोधपुर क्षेत्र में कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा और स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी.
राजस्थान को अधोसंरचना के क्षेत्र में मिलेगी नई ऊंचाई
इस योजना के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में तेजी से सड़क परियोजनाएं शुरू की जाएंगी. इससे जहां लोगों को यात्रा में सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. यह फंडिंग सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में मजबूत कदम है.