NIC Digital Service: राजस्थान सरकार ने आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देने के लिए एक नई डिजिटल सुविधा की शुरुआत की है. अब जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र के लिए ना तो बाबुओं के आगे फाइलें घुमानी पड़ेंगी, ना लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ेगा. यह सुविधा सीधे मोबाइल पर सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने की है.
मोबाइल पर मिलेगा प्रमाण पत्र
राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा शुरू की गई इस सुविधा के तहत नागरिकों को अब सिर्फ एक बार उप रजिस्ट्रार कार्यालय जाकर पंजीयन कराना होगा. रजिस्ट्रेशन के बाद दर्ज मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए एक लिंक भेजा जाएगा. जिस पर क्लिक कर के डिजिटल हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र डाउनलोड किया जा सकता है.
पूरी तरह मुफ्त सेवा, नहीं लगेगा एक भी रुपया
पहले जहां इन सर्टिफिकेट्स के लिए जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र हेतु ₹50 और विवाह प्रमाण पत्र के लिए ₹110 से ₹200 तक खर्च करने पड़ते थे. अब यह सेवा पूरी तरह मुफ्त कर दी गई है. यह कदम न केवल लोगों का समय बचाएगा. बल्कि पैसे की भी बचत करेगा.
गांवों में बड़ी राहत, अब एक दिन में सर्टिफिकेट
पहले जहां दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को हफ्तों तक इंतजार करना पड़ता था. अब डिजिटल सुविधा से एक ही दिन में प्रमाण पत्र मिलना संभव हो गया है. यह पहल डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.
पहचान ऐप से भी निकाल सकते हैं सर्टिफिकेट
यदि कोई व्यक्ति किसी कारणवश व्हाट्सएप लिंक मिस कर देता है, तो वह ‘पहचान ऐप’ के माध्यम से भी किसी भी समय प्रमाण पत्र डाउनलोड कर सकता है. यह ऐप Google Play Store पर मुफ्त में उपलब्ध है.
आवेदन की प्रक्रिया क्या है?
- सबसे पहले निकटतम उप रजिस्ट्रार कार्यालय में जाकर आवेदन पत्र भरें.
- आवेदन फॉर्म में मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप नंबर अवश्य दर्ज करें.
- फॉर्म जमा करते ही डिजिटल प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
- पंजीकृत मोबाइल नंबर पर डाउनलोड लिंक भेजा जाएगा.
- उस लिंक पर क्लिक करते ही प्रमाण पत्र मोबाइल पर उपलब्ध हो जाएगा.
लोगों ने जताई खुशी, कहा – अब कोई बाबू नहीं दौड़ाएगा
राज्य सरकार की इस सुविधा को लेकर लोगों में खुशी की लहर है. कई नागरिकों ने कहा कि यह डिजिटल सुविधा एक क्रांतिकारी बदलाव है और इससे आम आदमी को सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सहजता का अनुभव मिलेगा. खासकर वे लोग जो दफ्तर से छुट्टी लेकर सर्टिफिकेट लेने जाते थे. उनके लिए यह योजना बहुत बड़ी राहत है.