Holiday Cancelled: पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारत द्वारा की गई कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य में विशेष सावधानी बरती जा रही है. जिसके तहत मेडिकल स्टाफ की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं.
स्वास्थ्य विभाग का आदेश
पंजाब स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि ए.ए.एम.एस. और यू.ए.ए.एम.एस. में कार्यरत मेडिकल ऑफिसर्स, प्रभारी और समस्त कर्मचारी आगामी आदेश तक लगातार सेवाएं देते रहेंगे. सभी को 24 घंटे आपातकालीन ड्यूटी के लिए तैयार रहना अनिवार्य होगा.
कर्मचारियों को दी गई स्पष्ट चेतावनी
मेडिकल स्टाफ को फोन बंद करने की अनुमति नहीं होगी और विभाग की ओर से आने वाली किसी भी कॉल का तुरंत जवाब देना अनिवार्य होगा. आदेश में यह भी साफ किया गया है कि यदि कोई कर्मचारी कॉल रिसीव नहीं करता या ड्यूटी पर नहीं आता, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मेडिकल इमरजेंसी से निपटने की पूरी तैयारी
इन निर्देशों का उद्देश्य यह है कि किसी भी आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों. स्वास्थ्य विभाग ने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाया है कि हर जरूरतमंद को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सके.