PM Kisan 20th Installment: पीएम किसान सम्मान निधि योजना की अगली यानी 20वीं किस्त का इंतजार कर रहे करोड़ों किसानों के लिए जरूरी खबर है. इस वित्त वर्ष की पहली और योजना की 20वीं किस्त के 31 जुलाई 2025 से पहले जारी होने की संभावना है. इस बीच PM Kisan पोर्टल पर 6 अहम बदलाव किए गए हैं, जिनका सीधा असर लाभार्थियों पर पड़ेगा. अगर आपने इन बदलावों को नजरअंदाज किया तो आपकी किस्त अटक सकती है.
1. मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा शुरू
अब किसान PM Kisan पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर स्वयं अपडेट कर सकते हैं. इसके लिए Update Mobile Number टैब पर क्लिक करें. फिर अपना पंजीकरण नंबर या आधार नंबर डालें और वह नया मोबाइल नंबर अपडेट करें जो आधार से लिंक हो. इस बदलाव से OTP संबंधित समस्याएं कम होंगी और संचार में पारदर्शिता बढ़ेगी.
2. ऑनलाइन रिफंड की सुविधा
अगर किसी अपात्र व्यक्ति ने गलती से योजना का लाभ लिया है, तो अब वह ऑनलाइन ही पैसा वापस कर सकता है. इसके लिए Online Refund टैब पर जाकर आधार नंबर दर्ज कर फॉर्म भरें और प्राप्त राशि लौटा सकते हैं. इससे भविष्य में कानूनी कार्रवाई से बचा जा सकेगा.
3. वॉलंटरी सरेंडर ऑफ बेनीफिट्स
यदि कोई लाभार्थी अब PM किसान योजना का लाभ नहीं लेना चाहता, तो वह Voluntary Surrender of PM-KISAN benefits टैब पर जाकर स्वेच्छा से योजना छोड़ सकता है. इसके लिए रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें, सहमति (Consent) दें, कैप्चा डालें और OTP वेरिफाई करें.
4. गलती से योजना छोड़ी? अब वापसी का विकल्प भी मौजूद
अगर आपने गलती से स्वेच्छा से योजना छोड़ी है, तो अब आप Voluntary Surrender Revocation टैब की मदद से फिर से योजना में शामिल हो सकते हैं. इसके लिए आधार नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए लॉगइन करें और फिर से खुद को एक्टिवेट करें.
5. गलत पते वाले किसानों के लिए स्टेट ट्रांसफर रिक्वेस्ट
जो किसान गलत राज्य या जिले में पंजीकृत होने के कारण योजना से बाहर हो गए हैं. वे अब State Transfer Request के जरिए सही पता अपडेट कर सकते हैं. यह पता उनकी खेती की जमीन के स्थान से जुड़ा होना चाहिए. इसके लिए खतौनी या जमाबंदी जैसे दस्तावेजों को अपलोड करना अनिवार्य होगा.
नोट: अगर किसी तिमाही की राशि रिलीज होने की प्रक्रिया में है, तो पता बदलने की प्रक्रिया उस के बाद ही पूरी होगी.
6. हेल्पडेस्क क्वेरी फॉर्म से तुरंत शिकायत करें
अगर आपकी किस्त अटक गई है या फिर कोई अन्य समस्या है तो PM Kisan पोर्टल पर हेल्पडेस्क क्वेरी फॉर्म भरकर अपनी समस्या का समाधान पा सकते हैं. इससे विभाग आपकी समस्या पर त्वरित कार्रवाई कर सकता है.
किसे मिलता है लाभ?
PM किसान सम्मान निधि योजना उन किसानों के लिए है जिनके पास खेती योग्य जमीन है. योजना के तहत एक किसान परिवार (पति-पत्नी और दो नाबालिग बच्चे) को प्रत्येक वर्ष ₹6000 तीन किस्तों में (₹2000-₹2000) दिए जाते हैं. यह रकम डायरेक्ट लाभ ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है.