RBI Loan Recovery Rules: मुश्किल हालात में बहुत से लोग पर्सनल लोन का सहारा लेते हैं. क्योंकि यह बिना किसी सिक्योरिटी के आसानी से मिल जाता है. हालांकि इसकी ब्याज दरें सामान्य लोन की तुलना में काफी ज्यादा होती हैं, जिससे इसे चुकाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर कोई व्यक्ति पर्सनल लोन नहीं चुका पाए तो बैंक उसकी वसूली के लिए कौन-कौन से कानूनी कदम उठा सकता है?
पर्सनल लोन डिफॉल्टर बनने की स्थिति क्या होती है?
अगर किसी उधारकर्ता की लगातार तीन ईएमआई (EMI) बकाया रह जाती हैं, तो बैंक उसे डिफॉल्टर की सूची में डाल देता है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू हो जाती है. बैंक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पहले ग्राहक को भुगतान की याद दिलाते हैं.
रिमाइंडर नोटिस से शुरू होती है प्रक्रिया
बैंक पहले रिमाइंडर नोटिस और फोन कॉल के जरिए उधारकर्ता को भुगतान के लिए प्रेरित करता है. इसके बाद लेट फीस लगाई जाती है और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की कोशिश होती है. बैंक इस कोशिश में रहता है कि मामला कोर्ट तक न पहुंचे और दोनों पक्षों की सहमति से निपटारा हो जाए.
कब उठाए जाते हैं कानूनी कदम?
जब सभी प्रयासों के बावजूद लोन नहीं चुकाया जाता. तब बैंक वसूली एजेंसियों की मदद ले सकता है. एजेंट फोन कॉल या व्यक्तिगत रूप से घर जाकर लोन भुगतान की मांग कर सकते हैं. इससे ग्राहकों को मानसिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है. फिर भी जब बात नहीं बनती, तो बैंक कोर्ट का सहारा लेता है और उधारकर्ता के खिलाफ केस दायर किया जा सकता है.
सैलरी पर हो सकता है कोर्ट का असर
यदि मामला कोर्ट तक पहुंचता है और बैंक के पक्ष में निर्णय होता है, तो कोर्ट के आदेश से आपकी सैलरी से भी पैसा काटा जा सकता है. यह प्रक्रिया लीगल रिकवरी का हिस्सा होती है और इससे व्यक्ति की वित्तीय स्थिति और प्रतिष्ठा पर गहरा असर पड़ सकता है.
खराब हो सकता है आपका सिबिल स्कोर
पर्सनल लोन न चुकाने का सीधा असर आपके सिबिल स्कोर (CIBIL Score) पर पड़ता है. चूंकि यह स्कोर आपकी लोन रीपेमेंट हिस्ट्री के आधार पर तय होता है, डिफॉल्ट करने पर यह स्कोर गिर जाता है. नतीजतन, भविष्य में कोई भी बैंक या वित्तीय संस्था आपको लोन देने से इनकार कर सकती है या बहुत उच्च ब्याज दर पर ही लोन देगी.
भविष्य की लोन पात्रता पर असर
अगर आपका सिबिल स्कोर खराब हो गया है तो होम लोन, ऑटो लोन, क्रेडिट कार्ड जैसे अन्य फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स भी आपसे दूर हो सकते हैं. बैंक आपको हाई रिस्क कस्टमर मानते हैं और इससे आपकी क्रेडिट प्रोफाइल लंबे समय तक प्रभावित हो सकती है.
समाधान क्या है?
यदि आप किसी कारणवश लोन नहीं चुका पा रहे हैं, तो बैंक से पहले ही संपर्क करें और रीपेमेंट प्लान पर पुनर्विचार करने का आग्रह करें. कई बैंक री-स्ट्रक्चरिंग या मोरेटोरियम जैसी सुविधाएं भी देते हैं. जिससे आप डिफॉल्ट की स्थिति में पहुंचने से बच सकते हैं.