NH-719 Widening: ग्वालियर-चंबल अंचल की सालों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नेशनल हाइवे 719 (NH-719) के चौड़ीकरण की स्वीकृति प्रदान कर दी है. यह परियोजना क्षेत्र की सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और क्षेत्रीय विकास के लिए बेहद अहम मानी जा रही है.
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने एक्स (पूर्व Twitter) हेंडल पर यह जानकारी साझा की. उन्होंने लिखा कि ग्वालियर-चंबल अंचल को जल्द ही एक महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है. सिंधिया के अनुसार भिंड से आए एक प्रतिनिधिमंडल ने NH-719 के चौड़ीकरण को लेकर दिल्ली में नितिन गडकरी से मुलाकात की थी, जिसे केंद्रीय मंत्री ने सहर्ष मंजूरी दे दी.
अब दो लेन से चार लेन होगा NH-719
फिलहाल NH-719 केवल दो लेन का है. जिससे हर दिन हादसे होते हैं और यातायात में जाम लगता है. यह मार्ग भिंड, मुरैना, दतिया सहित कई जिलों को जोड़ता है और यहां से भारी वाहनों की आवाजाही भी होती है. ऐसे में चार लेन बनने से यातायात सुरक्षित और सुगम हो जाएगा.
प्रतिनिधिमंडल ने रखा था प्रस्ताव
इस चौड़ीकरण को लेकर जो प्रतिनिधिमंडल दिल्ली गया. उसमें केंद्रीय मंत्री सिंधिया के अलावा सांसद संध्या राय और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया शामिल थे. खास बात यह रही कि इस प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्र के प्रमुख संतों को भी शामिल किया गया था. इनमें दंदरौआ सरकार रामदास महाराज, अवधूत हरिनिवास महाराज, रामभूषण दास महाराज, राघवपुरी महाराज, रामधुन दास महाराज जैसे कई संत शामिल थे.
नितिन गडकरी ने मान ली मांग
प्रतिनिधिमंडल ने गडकरी को NH-719 की खस्ता हालत और दो लेन की वजह से आए दिन हो रही दुर्घटनाओं की जानकारी दी. उन्होंने सड़क को चार लेन में विस्तारित करने की जरूरत पर जोर दिया. जिसे मंत्री ने मान लिया. इससे अब उम्मीद की जा रही है कि परियोजना पर जल्द ही काम शुरू होगा.
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बल
एनएच 719 का चौड़ीकरण केवल सड़क दुर्घटनाओं को कम ही नहीं करेगा. बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा देगा. इससे व्यापार, रोजगार और परिवहन में तेजी आएगी. ग्वालियर-चंबल अंचल के लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा.
पहले भी मिल चुकी हैं सौगातें
गौरतलब है कि बीते कुछ सालों में एमपी को सड़क निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में कई परियोजनाएं मिली हैं. नितिन गडकरी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की जोड़ी मध्य प्रदेश को ‘हाईवे हब’ बनाने की दिशा में लगातार सक्रिय रही है.
जल्द शुरू होगा काम
अब जब इस परियोजना को केंद्र की मंजूरी मिल चुकी है, तो उम्मीद की जा रही है कि टेंडर प्रक्रिया, DPR (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) और अन्य प्रशासनिक कार्यों के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा. चौड़ीकरण के बाद हाईवे पर वाहनों की रफ्तार तो बढ़ेगी ही सड़क सुरक्षा भी पहले से बेहतर हो जाएगी.