Monsoon AC Usage Tips: चिलचिलाती गर्मी और लू से जूझने के बाद जब मॉनसून की पहली बारिश होती है, तो लोगों को एक अजीब सी राहत मिलती है। लेकिन बारिश के साथ ही हवा में बढ़ी उमस एक नई परेशानी बनकर सामने आती है। यही वजह है कि लोग मॉनसून में भी एसी चलाना नहीं छोड़ते। लेकिन इस मौसम में AC का इस्तेमाल करने का तरीका कुछ अलग होता है।
अगर आप भी बारिश के मौसम में ठंडी हवा का मजा लेना चाहते हैं, तो आपको कुछ बेहद जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा। वरना सेहत, बिजली का बिल और आपका महंगा AC, तीनों को नुकसान पहुंच सकता है।
1. गलत तापमान पर AC चलाना
गर्मी में जहां 18–20 डिग्री तापमान पर AC चलाना सामान्य माना जाता है। वहीं मॉनसून में ऐसा करना एक बड़ी भूल हो सकती है। बारिश के मौसम में बाहर का तापमान पहले से ही कम होता है। ऐसे में बहुत कम तापमान पर AC चलाने से कमरा जरूरत से ज्यादा ठंडा हो जाता है।
सेहत पर असर:
इससे सर्दी-जुकाम, गले में खराश, सिरदर्द और जोड़ों में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
सही तरीका:
AC का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखें। यह तापमान न सिर्फ आरामदायक ठंडक देता है। बल्कि बिजली की बचत भी करता है और AC पर ज्यादा लोड नहीं डालता।
2. ‘ड्राई मोड’ को नजरअंदाज करना
अधिकतर लोग AC को हमेशा ‘कूल मोड’ पर ही चलाते हैं। लेकिन मॉनसून में ‘ड्राई मोड’ का इस्तेमाल करना ज्यादा फायदेमंद है।
ड्राई मोड क्या करता है?
- यह न सिर्फ कमरे को ठंडा करता है, बल्कि हवा से अतिरिक्त नमी भी सोख लेता है, जिससे उमस कम हो जाती है।
- इस मोड पर कम तापमान की जरूरत नहीं होती और 25–26 डिग्री पर भी वही ठंडक महसूस होती है।
- यह कम बिजली खर्च करता है और चिपचिपी गर्मी से बेहतर राहत देता है।
कैसे पहचानें?
AC रिमोट पर यह पानी की बूंद (droplet) जैसे आइकन से दर्शाया जाता है।
3. तेज बारिश और बिजली कड़कने पर भी AC चलाना
तेज बारिश या बिजली कड़कने के समय AC चालू रखना आपके डिवाइस के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
जोख़िम क्या है?
- आउटडोर यूनिट में पानी घुस सकता है। जिससे वायरिंग और सर्किट बोर्ड खराब हो सकते हैं।
- बिजली की तेज आवाज या चमक के दौरान वोल्टेज फ्लक्चुएशन का खतरा बढ़ जाता है। जो AC को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है।
सही उपाय:
ऐसी स्थिति में केवल रिमोट से नहीं, बल्कि मेन स्विच या स्टेबलाइजर से पूरी तरह पावर सप्लाई बंद करें।
4. फिल्टर और ब्लोअर की सफाई न करना
मॉनसून के मौसम में नमी और धूल के कारण फिल्टर और ब्लोअर में गंदगी जल्दी जमा हो जाती है।
क्या होता है असर?
- एयरफ्लो बाधित हो जाता है, जिससे कूलिंग घटती है।
- AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली खर्च बढ़ता है और मशीन पर दबाव आता है।
कैसे करें सफाई?
- हर 15–20 दिन में फिल्टर निकालकर पानी से धोएं और सुखाकर वापस लगाएं।
- ब्लोअर को सॉफ्ट ब्रश से धीरे-धीरे साफ करें।
5. सिर्फ रिमोट से AC बंद कर देना
हममें से अधिकतर लोग AC को केवल रिमोट से बंद कर देते हैं। लेकिन यह आदत मॉनसून में नुकसानदायक हो सकती है।
क्यों है खतरनाक?
- AC स्टैंडबाय मोड में भी बिजली से जुड़ा रहता है। जिससे पावर सर्ज की स्थिति में सर्किट बोर्ड जल सकता है।
सही तरीका:
जब AC का उपयोग न हो, तो मेन स्विच से पूरी तरह बंद करें। यह सुरक्षा का सबसे आसान उपाय है।