Vehicle-Free City: भारत में हर दिशा में हिल स्टेशन, समुद्र तट, धार्मिक स्थल और प्राकृतिक धरोहरें मौजूद हैं, जो देश-दुनिया के पर्यटकों को सालभर अपनी ओर आकर्षित करती हैं. यही पर्यटन गतिविधियां देश की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करती हैं. आजकल लोग पारंपरिक टूरिज्म से आगे बढ़कर विलेज और इको टूरिज्म में भी रुचि दिखा रहे हैं.
वह शहर जहां नहीं चलती एक भी गाड़ी
भारत में एक ऐसा शहर भी है. जहां कोई भी ऑटोमोबाइल वाहन नहीं चलता. यह शहर है महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित माथेरान, जो न केवल भारत का बल्कि पूरे एशिया का एकमात्र वाहन-मुक्त शहर है. पर्यटक यहां या तो पैदल यात्रा करते हैं या फिर घोड़े की सवारी का आनंद लेते हैं.
भारत का सबसे छोटा और अनोखा हिल स्टेशन
माथेरान, केवल 7 किलोमीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है और यह समुद्र तल से 2635 फीट की ऊंचाई पर स्थित है. यहां की कुल जनसंख्या लगभग 6000 के आसपास है. हरियाली, शांति और प्रदूषण-मुक्त वातावरण इस जगह को खास बनाते हैं. माथेरान को पर्यावरण-संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया है, जिससे यहां वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक है.
घोड़े की सवारी और टॉय ट्रेन का अनोखा अनुभव
यहां आने वाले पर्यटक घोड़े की सवारी कर सकते हैं या 1907 में शुरू हुई ऐतिहासिक टॉय ट्रेन में सफर का आनंद ले सकते हैं. यह ट्रेन नेरल से माथेरान के बीच लगभग 20 किलोमीटर की यात्रा करती है. जिसमें हरे-भरे जंगलों और पहाड़ियों के अद्भुत दृश्य देखने को मिलते हैं.
प्राकृतिक सुंदरता और सुखद मौसम
माथेरान का मौसम सालभर सुहावना और ठंडा रहता है. इसलिए यह पर्यटकों के लिए हमेशा आकर्षण का केंद्र बना रहता है. यहां आकर लोग इसे “धरती का स्वर्ग” कहते हैं. हरियाली से घिरा यह शहर प्रदूषण रहित वातावरण के कारण मानसिक सुकून भी देता है.
ट्रैकिंग और सनराइज प्वाइंट्स का आनंद
यहां आने पर आप कई बेहतरीन ट्रैकिंग ट्रेल्स का आनंद ले सकते हैं. साथ ही, कुछ लोकप्रिय स्पॉट जैसे:
- सीढ़ी हार्ट प्वाइंट
- ट्री हिल प्वाइंट
- रामबाग पॉइंट
- पैनारोमा प्वाइंट
इन जगहों से आप सूर्योदय और सूर्यास्त के अद्भुत नज़ारों को देख सकते हैं, जो आपकी यात्रा को यादगार बना देंगे.