Singer Insta Ban: हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के पॉपुलर सिंगर मासूम शर्मा को एक और बड़ा झटका लगा है. उनके इंस्टाग्राम फैन पेज अकाउंट को बैन कर दिया गया है. जिसमें उनके 7.61 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे. अकाउंट बंद होने की जानकारी सिंगर ने खुद एक अन्य इंस्टा अकाउंट से साझा की.
मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द
मासूम शर्मा ने पोस्ट में लिखा, “राम राम दोस्तों, पहले मेरे गाने बैन हुए, फिर मेरठ और ग्वालियर में कॉन्सर्ट रद्द कर दिए गए और अब इंस्टाग्राम पेज भी सरकार द्वारा बैन कर दिया गया है.” उन्होंने आशंका जताई कि यह नया अकाउंट भी बंद हो सकता है और कहा कि उनके साथ लगातार अन्याय हो रहा है.
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सिंगर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि सरकार में बैठे उच्च पद के लोग उनके खिलाफ “ओछी हरकतें” कर रहे हैं. उन्होंने अपने फैंस से अपील की कि “आप ही मेरी ताकत हो, यूं ही मेरे साथ बने रहना.” मासूम शर्मा के अनुसार यह सब एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है.
पहले भी हुए विवादों का शिकार
कुछ समय पहले हरियाणा सरकार ने मासूम शर्मा के 10 गानों को बैन कर दिया था. आरोप था कि ये गाने हिंसा और गन कल्चर को बढ़ावा देते हैं. इसी साल 22 मार्च को गुरुग्राम में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान पुलिस ने माइक छीनकर शो बंद करवा दिया था.
दो इंस्टा अकाउंट में से एक हुआ बैन
सिंगर मासूम शर्मा के इंस्टाग्राम पर दो प्रमुख अकाउंट हैं.
- पहला: पर्सनल अकाउंट, जिसमें 20 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.
- दूसरा: ‘मासूम शर्मा फैन पेज’, जिसमें 7.61 लाख फॉलोअर्स थे. जिसे अब बैन कर दिया गया है. शिकायत के बाद जब टीम ने पेज खोलने की कोशिश की, तो लिखा आया: “यह पेज उपलब्ध नहीं है.”