Lado Laxmi Yojana 2025: हरियाणा सरकार ने 2025-26 के बजट में महिलाओं के लिए एक अहम योजना ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का ऐलान किया है. इस योजना के तहत हर महीने गरीब परिवारों की महिलाओं को ₹2100 की आर्थिक सहायता दी जाएगी. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हाल ही में फरीदाबाद की एक रैली में इस योजना की घोषणा करते हुए कहा कि बहुत जल्द इसका नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा.
योजना के लिए 5 हजार करोड़ का बजट तय
मुख्यमंत्री सैनी के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी योजना को लागू करने के लिए सरकार ने ₹5000 करोड़ का प्रावधान किया है. यह राशि राज्य के बजट से निकाली गई है. जिससे गरीब वर्ग की महिलाओं को मासिक आर्थिक सहयोग दिया जा सके.
किसे मिलेगा योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो हरियाणा के गरीब परिवारों से आती हैं. सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह योजना केवल बीपीएल और अंत्योदय श्रेणी की महिलाओं के लिए है. हालांकि अभी तक योजना की शुरुआत की तारीख तय नहीं की गई है. लेकिन अधिकारी जल्द ही इसकी प्रक्रिया शुरू करने वाले हैं.
योजना का लाभ लेने के लिए अभी से शुरू करें तैयारी
हालांकि योजना की आधिकारिक शुरुआत नहीं हुई है. लेकिन अगर आप इसका लाभ पाना चाहते हैं, तो अभी से कुछ जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया पूरी कर लें. इससे जब आवेदन शुरू हों, तो आपको किसी तरह की परेशानी न हो.
ये 4 काम तुरंत निपटाएं, नहीं तो योजना से वंचित रह जाएंगे
- अंत्योदय पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन: अगर आपने अब तक हरियाणा सरकार के अंत्योदय पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, तो तुरंत करवा लें. इसी पोर्टल के जरिए योजनाओं का लाभ दिया जाएगा.
- परिवार पहचान पत्र में नाम अपडेट: यदि आपके परिवार पहचान पत्र (PPP) में आपका नाम दर्ज नहीं है, तो इसे जल्द से जल्द अपडेट करवा लें. क्योंकि सरकारी योजनाओं में पात्रता इसी पर आधारित होती है.
- आधार कार्ड को बैंक खाते से लिंक करें: आपका आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक होना अनिवार्य है ताकि योजना की राशि सीधे आपके खाते में भेजी जा सके.
- बीपीएल कार्ड बनवाएं: यदि आपकी वार्षिक पारिवारिक आय ₹1.80 लाख से कम है, तो आप बीपीएल श्रेणी में आते हैं. अगर आपके पास अभी तक बीपीएल कार्ड नहीं है, तो इसे जल्द बनवाएं. क्योंकि इसके बिना इस योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा.
महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में बड़ा कदम
हरियाणा सरकार की यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक पहल है. बल्कि यह गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं के लिए एक स्थायी सहायता भी बन सकती है. इससे महिलाएं अपनी दैनिक जरूरतें और छोटे स्तर पर आर्थिक निर्णय खुद लेने में सक्षम होंगी.
नोटिफिकेशन का करें इंतजार
‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के लिए फिलहाल आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है. लेकिन बहुत जल्द इस पर आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी. ऐसे में पात्र महिलाओं को चाहिए कि वे अपने दस्तावेज और पात्रता से जुड़े सभी काम पहले ही पूरे कर लें. ताकि योजना के शुरू होते ही वे इसका लाभ उठा सकें.