Train Tatkal Ticket: ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग के समय यात्रियों को अक्सर एक सामान्य और बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है – जब तक पेमेंट होता है, तब तक टिकट वेटिंग लिस्ट में चला जाता है. यानी शुरुआत में सीट उपलब्ध रहती है. लेकिन बुकिंग प्रोसेस पूरा होने तक कन्फर्म सीट हाथ से निकल जाती है.
IRCTC की रिपोर्ट में आया सच सामने
IRCTC ने अपनी हालिया रिपोर्ट में तत्काल टिकट बुकिंग पैटर्न का गहराई से विश्लेषण किया है. इसके अनुसार लगभग 2.25 लाख यात्री प्रतिदिन ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करते हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि यदि कुछ विशेष रणनीतियों को अपनाया जाए, तो कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना काफी हद तक बढ़ सकती है.
एसी क्लास में बुकिंग का पैटर्न
AC क्लास की बुकिंग को लेकर रिपोर्ट में चौंकाने वाली बातें सामने आईं:
- औसतन 1,08,000 तत्काल टिकट रोजाना बुक होते हैं.
- इनमें से पहले ही मिनट में 5,615 टिकट बुक हो जाते हैं यानी लगभग 5 प्रतिशत टिकट.
- दूसरे मिनट तक 22,827 टिकट (20% से अधिक) बुक हो जाते हैं.
- पहले 10 मिनट में 67,159 टिकट (62.5%) बुक हो जाते हैं.
- 1 घंटे में 92,861 टिकट बुक होते हैं.
- पहले घंटे से चौथे घंटे तक 4.7% और चौथे से दसवें घंटे तक 6.2% टिकट बिकते हैं.
- 10 घंटे के बाद केवल 3% टिकट ही बचते हैं.
नॉन-एसी क्लास में बुकिंग का ट्रेंड
नॉन-एसी श्रेणी में 24 मई से 2 जून तक के आंकड़े भी इसी तरह की स्थिति दर्शाते हैं:
- औसतन 1,18,567 टिकटें रोजाना बुक होती हैं.
- इनमें से 4,724 टिकटें (4%) पहले मिनट में बिक जाती हैं.
- 20,786 टिकटें (17.5%) दूसरे मिनट में बुक होती हैं.
- पहले 10 मिनट में 66.4% टिकटें, और
- पहले 1 घंटे में 84.02% टिकटें बुक हो जाती हैं.
- शेष टिकटें अगले 10 घंटों में बिकती हैं.
क्या समझें इस रिपोर्ट से?
इस डेटा से स्पष्ट है कि तत्काल टिकट बुकिंग एक रेस जैसी है. लेकिन एक बड़ी बात ये भी है कि लगभग 12% टिकट ऐसे होते हैं जो बुकिंग विंडो खुलने के 8 से 10 घंटे बाद भी बुक होते हैं. यानी हर टिकट पहले 5 मिनट में नहीं छिनता कुछ टिकट बाद में भी उपलब्ध रहते हैं.
कैसे मिलेगा कन्फर्म टिकट? IRCTC का समाधान
IRCTC के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर संजय जैन ने बताया कि यूजर्स को बेहतर अनुभव देने के लिए बॉट सर्विस के लिए AMI के साथ साझेदारी की गई है. इससे वेबसाइट की स्पीड में बड़ा सुधार हुआ है और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया और तेज हो गई है.
एक मिनट में रिकॉर्ड बुकिंग
संजय जैन ने जानकारी दी कि हाल ही में एक मिनट में 31,000 से अधिक तत्काल टिकट बुक किए गए, जो अब तक का रिकॉर्ड है. उन्होंने कहा कि अब आम यात्रियों के लिए भी कन्फर्म टिकट पाना पहले से ज्यादा आसान हो गया है.
IRCTC की सलाह
- कोशिश करें कि भारी ट्रैफिक समय से थोड़ा पहले या बाद में बुकिंग करें
- बुकिंग विंडो खुलने से पहले लॉगिन करें
- यात्री की जानकारी, यात्रा विवरण, बैंकिंग डिटेल्स आदि पहले से AutoFill या तैयार रखें
- तेज इंटरनेट कनेक्शन और तेज सिस्टम/डिवाइस का इस्तेमाल करें
- ऑफिशियल IRCTC ऐप का उपयोग करें, जिससे लोड कम होता है