Haryana Ration Card: हरियाणा सरकार ने राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से पीओएस मशीनों के माध्यम से 100% E-KYC अनिवार्य कर दिया है. इसका सीधा प्रभाव उन 9.71 लाख से अधिक लाभार्थियों पर पड़ेगा जो प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन प्राप्त कर रहे हैं.
सिरसा जिले में तेजी से हो रहा काम
सिरसा जिले के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार के अनुसार जिले में 485 पीओएस मशीनों के माध्यम से लाभार्थियों को राशन वितरित किया जा रहा है. अब तक 56.63% लाभार्थियों की बायोमेट्रिक पहचान सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है. यह प्रक्रिया तेजी से चल रही है और विभाग ई-केवाईसी की नियमित निगरानी कर रहा है.
क्यों जरूरी है यह प्रक्रिया?
E-KYC की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हर लाभार्थी का डिजिटल रिकॉर्ड सरकार के पास सुरक्षित हो जाएगा. इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि किस राशन कार्ड से कितने वास्तविक लाभार्थी जुड़े हुए हैं. साथ ही फर्जी नामों और दोहरे राशन कार्ड की संभावनाओं पर पूरी तरह से रोक लगेगी.
30 जून है अंतिम तिथि
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई लाभार्थी 30 जून 2025 तक E-KYC नहीं कराता है, तो उसके राशन कार्ड को निलंबित किया जा सकता है और उसे राशन प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में सभी पात्र नागरिकों से समय रहते अपना ई-केवाईसी पूरा करने की अपील की गई है.
E-KYC कैसे कराएं? जानिए पूरा तरीका
E-KYC कराने की प्रक्रिया बहुत आसान है:
- लाभार्थी को अपना आधार कार्ड लेकर अपने नजदीकी राशन डिपो (Fair Price Shop) पर जाना होगा.
- वहां मौजूद POS मशीन पर अंगूठा (बायोमेट्रिक) लगाकर पहचान सत्यापित करनी होगी.
- पहचान सत्यापन के बाद E-KYC प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी.
यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी है. जिससे लाभार्थी को कोई कठिनाई नहीं होगी.
सरकार की योजना
यह कदम इसलिए भी अहम है क्योंकि इससे फर्जी लाभार्थियों को डिपो से राशन नहीं मिलेगा और वास्तविक पात्र लोगों तक ही सरकारी योजना का लाभ पहुंचेगा. विभाग की मंशा है कि कोई भी जरूरतमंद राशन से वंचित न रहे. लेकिन जो फर्जी तरीके से लाभ ले रहे हैं. उन्हें सिस्टम से बाहर किया जा सके.
विभाग ने की अपील
जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी ने प्रदेशवासियों से कहा है कि वे प्रक्रिया को गंभीरता से लें और अंतिम समय का इंतजार किए बिना शीघ्रता से ई-केवाईसी पूर्ण कराएं. इससे उन्हें भविष्य में राशन प्राप्त करने में कोई बाधा नहीं होगी.