Haryana Weather Forecast: हरियाणा में मानसून ने समय से पहले दस्तक देकर लोगों को गर्मी से राहत देने की शुरुआत कर दी है। आज यानी 28 जून को राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह से ही कई जिलों में बूंदाबांदी और काले बादलों का डेरा देखने को मिला।
रोहतक में सबसे ज्यादा गर्मी
27 जून को हरियाणा के रोहतक जिले में सबसे अधिक तापमान 39.1°C दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम तापमान 34.5°C करनाल में रहा। 28 जून की सुबह हरियाणा का औसत तापमान 29°C रहा. लेकिन नमी और हवा के कारण यह 32°C जैसा महसूस हो रहा है।
अंबाला में सुबह से मूसलाधार बारिश
अंबाला जिले में सुबह 4 बजे से मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। यहां का तापमान 28°C दर्ज किया गया और बादलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। राज्य में हवा की गति 12 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई है, जो मौसम में नमी बढ़ाने का काम कर रही है।
22 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज हरियाणा के सभी 22 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से:
- 7 जिलों – पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में 75% से 100% बारिश की संभावना है।
- 11 जिलों – कैथल, जींद, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में 50% से 75% बारिश का अनुमान है।
- 4 जिलों – सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी में 25% से 50% बारिश हो सकती है।
महेंद्रगढ़ के नारनौल में हुई थी पहली बारिश
27 जून को जहां पूरे हरियाणा में बारिश की चेतावनी थी। वहीं केवल महेंद्रगढ़ के नारनौल में ही बारिश दर्ज की गई। लेकिन आज मौसम का रुख पूरे प्रदेश में बदल गया है और हर जिले में बूंदाबांदी के आसार बन चुके हैं।
5 दिन पहले आया मानसून
हरियाणा में मानसून आमतौर पर 28-29 जून को आता है। लेकिन इस बार 23-24 जून को ही प्रवेश कर गया यानी लगभग 5 दिन पहले मानसून आ चुका है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के अनुसार यह जल्दी मानसून फसलों के लिए लाभदायक हो सकता है। अधिक वर्षा की संभावना जताई जा रही है, जिससे कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी हो सकती है।
2024 के मुकाबले इस बार ज्यादा बारिश
पिछले साल यानी 2024 में जून महीने में 29.3 मिमी बारिश हुई थी, जो औसतन 55.3 मिमी से 47% कम थी। लेकिन 2025 में 1 से 26 जून तक हरियाणा में 51.2 मिमी बारिश हो चुकी है. जबकि इस समय तक सामान्य तौर पर 42.5 मिमी होती है। यानी अब तक 20% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
आने वाले तीन दिन मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार:
- 29 जून (रविवार) को पलवल, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 25% से 50% तक बारिश की संभावना है।
- गुरुग्राम, फरीदाबाद, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और पंचकूला में 50% से 75% तक बारिश हो सकती है।
ज्यादा बारिश की उम्मीद
जल्द मानसून आने और ज्यादा वर्षा के पूर्वानुमान से खेती-बाड़ी के लिए यह समय काफी अनुकूल हो सकता है। किसानों को धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों की बुआई के लिए यह मौसम लाभकारी सिद्ध हो सकता है।