Haryana Monsoon Alert: हरियाणा में मानसून भले ही दस्तक दे चुका है। लेकिन फरीदाबाद और आसपास के कई जिलों में बारिश न के बराबर हुई है। लोगों को अब भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पाई है। मानसून के सक्रिय हुए एक सप्ताह से ज्यादा हो गया है। लेकिन फरीदाबाद में केवल हल्की बूंदाबांदी ही देखने को मिली है। जिससे लोग अब झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
तेज धूप और बढ़ती उमस से हाल बेहाल
बुधवार को तेज धूप ने फरीदाबादवासियों की परेशानी और बढ़ा दी। तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो मंगलवार को 31 डिग्री था। गर्मी के साथ उमस इतनी बढ़ गई कि पंखे और कूलर भी बेअसर नजर आए। बल्लभगढ़ में दोपहर के समय हल्की फुहार जरूर पड़ी। लेकिन उसके बाद तेज धूप निकलने से उमस का स्तर और बढ़ गया।
5 जुलाई तक हरियाणा में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 5 जुलाई तक पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना जताई है। राज्य के 18 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है और 5 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि फरीदाबाद में बारिश की गति अब तक काफी धीमी रही है। जिससे लोगों को अब भी काफी इंतजार करना पड़ रहा है।
मानसून टर्फ की स्थिति और बारिश की संभावना
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने जानकारी दी कि मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा श्रीगंगानगर, दिल्ली, फतेहगढ़, सीधी, जमशेदपुर से होकर बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके चलते नमी से भरी हवाएं राज्य की ओर आ रही हैं। जिससे आगामी दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
जिलावार बारिश की संभावना
3 जुलाई को कुछ जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। बारिश की संभावना निम्न प्रकार से बताई गई है:
- झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में 75-100% बारिश की संभावना
- पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, सोनीपत, रोहतक में 50-75% बारिश की संभावना
- सिरसा, फतेहाबाद, हिसार में 25-50% बारिश की संभावना
इन अनुमानों से स्पष्ट है कि दक्षिण हरियाणा में मानसून सक्रिय हो सकता है, लेकिन फरीदाबाद में अब तक उतनी बारिश नहीं हो पाई है जितनी अपेक्षित थी।
फरीदाबाद में कब तक रहेगा उमस भरा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार फरीदाबाद में 6 जुलाई तक मौसम साफ रह सकता है। यानी लोगों को फिलहाल उमस से राहत मिलने की संभावना कम है। तेज धूप और नमी वाले वातावरण के कारण लोगों को गर्मी का दोहरा असर झेलना पड़ रहा है।
बीके अस्पताल में उमस से बिगड़ने लगी सेहत
बीके अस्पताल, फरीदाबाद में डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, हर दिन 80 से 90 मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिनमें से कई को भर्ती भी करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में साफ पानी का सेवन करना जरूरी है। और बाहर का तला-भुना खाना खाने से बचना चाहिए, ताकि बीमारियों से बचा जा सके।
मानसून सक्रिय लेकिन फरीदाबाद में अब भी इंतजार
राज्य के कई जिलों में मानसून की सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। लेकिन फरीदाबाद में अब भी बादलों की मेहरबानी नहीं हो पाई है। लोगों को अब भी राहत भरी बारिश का इंतजार है। यदि आने वाले दिनों में नमी युक्त हवाएं तेज होती हैं, तो बारिश की संभावना और प्रबल हो सकती है।