Summer Special Train 2025: उत्तर भारत में गर्मियों की छुट्टियों की शुरुआत हो चुकी है और ऐसे में परिवार संग घूमने का प्लान बनाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है. गर्मियों की छुट्टियों में यात्रा की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने कई समर स्पेशल ट्रेनें संचालित की हैं. ताकि यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक सफर मिल सके.
गुरुग्राम से होकर गुजरेंगी दो अहम स्पेशल ट्रेनें
यदि आप गुरुग्राम शहर से हिमाचल, उत्तराखंड, गुजरात, राजस्थान या मुंबई जैसे स्थलों की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. रेलवे ने गुरुग्राम स्टेशन से होकर दो समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, जो गर्मियों में होने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए शुरू की गई हैं.
हरिद्वार से साबरमती तक चल रही है समर स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 09426 हरिद्वार-साबरमती समर स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन – मंगलवार और शनिवार को चलाई जा रही है. यह ट्रेन गुरुग्राम स्टेशन से होकर जयपुर, अजमेर, मारवाड़, माउंट आबू होते हुए साबरमती (गुजरात) तक जाती है. इस ट्रेन से यात्री उत्तराखंड, राजस्थान और गुजरात के प्रमुख पर्यटन स्थलों का सफर कर सकते हैं.
दिल्ली से मुंबई के बीच चलेगी समर स्पेशल ट्रेन
ट्रेन नंबर 09004 दिल्ली-मुंबई सेंट्रल समर स्पेशल ट्रेन भी गुरुग्राम से होकर गुजर रही है. यह ट्रेन राजस्थान के जयपुर, अजमेर, माउंट आबू, फिर गुजरात के साबरमती, वडोदरा, सूरत, वापी से होते हुए मुंबई सेंट्रल तक जाती है. इस रूट से आप राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र की यात्रा एक ही सफर में कर सकते हैं.
ट्रेनों में बढ़ाई गई डिब्बों की संख्या, यात्रियों को राहत
गर्मी की छुट्टियों में भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कुछ प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का भी फैसला लिया है:
- ट्रेन 22471/72 बीकानेर-सराय रोहिला इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 1 जून से 30 जून तक 1 सेकंड एसी और 2 थर्ड एसी कोच जोड़े गए हैं.
- ट्रेन 20473/74 सराय रोहिला-उदयपुर चेतक एक्सप्रेस में 1 सेकंड एसी और 2 थर्ड एसी कोच की वृद्धि की गई है.
- ट्रेन 12065/66 अजमेर-सराय रोहिला जनशताब्दी एक्सप्रेस में 2 जून से 30 जून तक 1 द्वितीय कुर्सीयान कोच बढ़ाया गया है.
- ट्रेन 19701/02 जयपुर-कैंट सैनिक एक्सप्रेस में 1 द्वितीय शयनयान कोच जोड़ा गया है.
- ट्रेन 12985/86 जयपुर-सराय रोहिला डबल डेकर एक्सप्रेस में 1 एग्जीक्यूटिव एसी चेयर कार बढ़ाई गई है.
समर वेकेशन के लिए बढ़ी बुकिंग, रेलवे की तैयारी पूरी
गुरुग्राम और दिल्ली NCR क्षेत्र से घूमने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है. ऐसे में रेलवे द्वारा शुरू की गई ये स्पेशल ट्रेनें और बढ़े हुए डिब्बे यात्रियों को भीड़ और टिकट की कमी से राहत देंगे. इन ट्रेनों की ऑनलाइन बुकिंग पहले ही तेज़ी से शुरू हो चुकी है. इसलिए जो यात्री अब भी यात्रा का मन बना रहे हैं, उन्हें जल्द टिकट बुक कर लेना चाहिए.