Gold Silver Rate Today: सोने-चांदी की कीमतों में फिर बदलाव हुआ है. लगातार कई दिनों की गिरावट के बाद शुक्रवार को बाजार बंद होते-होते दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई. इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार शुक्रवार को 24 कैरेट सोना 99,358 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. वहीं चांदी का भाव 1,13,931 रुपये प्रति किलो रहा. शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहने के कारण यही भाव स्थिर रहेगा.
विभिन्न कैरेट के सोने की ताज़ा कीमतें
IBJA की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार तक के ताज़ा रेट इस प्रकार रहे:
- सोना 24 कैरेट: 99,358 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 23 कैरेट: 98,960 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 22 कैरेट: 91,012 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 18 कैरेट: 74,519 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 14 कैरेट: 58,124 रुपये प्रति 10 ग्राम
- चांदी 999 शुद्धता: 1,13,906 रुपये प्रति किलो
पिछले दिन की तुलना में क्या बदला
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, कमजोर वैश्विक संकेतों की वजह से शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 250 रुपये गिरकर 1,00,370 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. गुरुवार को यह 1,00,620 रुपये थी. इसी तरह, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 150 रुपये घटकर 1,00,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. हालांकि चांदी ने उलटा रुख अपनाया और 1,000 रुपये की बढ़त के साथ 1,15,000 रुपये प्रति किलो हो गई. गुरुवार को यह 1,14,000 रुपये प्रति किलो थी.
अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल
वैश्विक स्तर पर भी सोने और चांदी में उतार-चढ़ाव जारी रहा. न्यूयॉर्क में हाजिर सोना 0.25% गिरकर 3,330.48 डॉलर प्रति औंस पर रहा. वहीं चांदी 0.48% गिरकर 37.96 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी.
विशेषज्ञों की राय
ऑग्मोंट की शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतें सीमित दायरे में अटकी हुई हैं, क्योंकि निवेशक जैक्सन हॉल संगोष्ठी में अमेरिकी फेडरल रिजर्व प्रमुख जेरोम पावेल के संबोधन का इंतजार कर रहे हैं. इस भाषण से मौद्रिक नीति के रुख के संकेत मिल सकते हैं. मिराए एसेट शेयरखान के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि सितंबर में ब्याज दर में कटौती की संभावना है. अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मिले-जुले संकेतों को देखते हुए, फेडरल रिजर्व अपने फैसले को आंकड़ों पर आधारित रख सकता है.
वायदा बाजार में सोने का हाल
कमजोर हाजिर मांग के चलते वायदा कारोबार में शुक्रवार को सोने का भाव 213 रुपये घटकर 99,222 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में अक्टूबर आपूर्ति वाले सोने के अनुबंध 0.21% टूटकर 99,222 रुपये पर रहे. इसमें कुल 13,588 लॉट का कारोबार हुआ. विश्लेषकों के मुताबिक कमजोर वैश्विक संकेत गिरावट का मुख्य कारण रहे. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.35% गिरकर 3,327.17 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया.
चांदी के वायदा भाव में उछाल
इसके उलट, वायदा बाजार में चांदी में मजबूती देखी गई. प्रतिभागियों के दांव बढ़ाने से चांदी का वायदा भाव 183 रुपये बढ़कर 1,13,523 रुपये प्रति किलो हो गया. MCX पर सितंबर आपूर्ति वाले अनुबंधों में 14,778 लॉट का कारोबार हुआ. विश्लेषकों का मानना है कि ताजा सौदों की वजह से चांदी में तेजी आई. हालांकि, वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी 0.36% गिरकर 38.01 डॉलर प्रति औंस पर आ गई.