Fridge Safety Tips: गर्मियों में फ्रिज हमारी सबसे जरूरी जरूरतों में से एक बन जाता है. यह न सिर्फ खाने-पीने की चीजों को ताजा और सुरक्षित रखता है. बल्कि ठंडा पानी भी उपलब्ध कराता है. लेकिन बहुत से लोग फ्रिज के इस्तेमाल में कुछ सामान्य सी गलतियां कर बैठते हैं. जिनसे बड़ा हादसा भी हो सकता है. कई मामलों में तो फ्रिज में आग तक लग चुकी है. आइए जानते हैं वे गलतियां क्या हैं और उनसे कैसे बचा जा सकता है.
पीछे के हिस्से को ब्लॉक न करें
अक्सर लोग फ्रिज को दीवार से पूरी तरह चिपका देते हैं या उसके पीछे सामान रख देते हैं. जिससे पीछे की ओर हवा का संचार रुक जाता है. जबकि फ्रिज के पीछे वेंटिलेशन का विशेष इंतजाम होता है ताकि कंप्रेसर की गर्मी बाहर निकल सके. अगर यह हवा का मार्ग बंद हो जाए. तो कंप्रेसर ओवरहीट हो सकता है और इससे शॉर्ट सर्किट या आग लगने का खतरा बढ़ जाता है.
फ्रिज को दीवार से थोड़ी दूरी पर रखें
फ्रिज और दीवार के बीच कम से कम 4-6 इंच की जगह होनी चाहिए. इससे पीछे से निकलने वाली गर्मी सही से बाहर जा पाती है और कंप्रेसर सामान्य तापमान पर काम करता है. अगर फ्रिज दीवार से सटा होगा तो अंदर का तापमान संतुलित नहीं रहेगा और ऊर्जा की खपत भी अधिक होगी.
बार-बार दरवाजा खोलना नुकसानदायक
फ्रिज का दरवाजा बार-बार खोलना या उसे आधा खुला छोड़ देना भी एक बड़ी भूल है. इससे फ्रिज के अंदर की ठंडी हवा बाहर निकल जाती है और कंप्रेसर को बार-बार चालू होकर तापमान संतुलित करना पड़ता है. इससे बिजली की खपत बढ़ती है, कूलिंग घटती है और कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव आता है.
फ्रिज को गर्म स्थान पर न रखें
अगर फ्रिज को ऐसी जगह रखा जाए जहां धूप सीधे पड़ती हो या जहां पहले से ही गर्मी ज्यादा हो, तो इससे भी फ्रिज को नुकसान पहुंच सकता है. धूप या गर्म दीवारों के पास रखे जाने से उसका बाहरी हिस्सा ज्यादा गर्म हो जाता है. जिससे अंदर की कूलिंग प्रभावित होती है और फ्रिज के पुर्जे जल्दी खराब हो सकते हैं. इसलिए फ्रिज को हवादार और छायादार स्थान पर रखें.
फ्रिज में जरूरत से ज्यादा सामान न रखें
फ्रिज की एक सीमित स्टोरेज क्षमता होती है. अगर आप उसमें क्षमता से अधिक सामान भरते हैं. तो ठंडी हवा का संचार बाधित होता है. इससे कूलिंग धीमी हो जाती है और कंप्रेसर को लंबे समय तक लगातार काम करना पड़ता है. इससे वह ओवरहीट होकर खराब हो सकता है. इसलिए कोशिश करें कि फ्रिज को हमेशा संतुलित रूप से भरें.
इन टिप्स को अपनाकर आप बचा सकते हैं फ्रिज और बिजली दोनों
- फ्रिज को दीवार से दूरी पर रखें.
- पीछे के हिस्से को खुला और हवादार रखें.
- दरवाजा बार-बार न खोलें.
- फ्रिज को धूप या गर्म दीवार के पास न रखें.
- क्षमता से ज्यादा सामान न भरें.
इन आसान से उपायों को अपनाकर आप न सिर्फ फ्रिज की उम्र बढ़ा सकते हैं. बल्कि बिजली का बिल भी कम कर सकते हैं और खतरों से भी सुरक्षित रह सकते हैं.