Educational Tour: राजस्थान के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों से निकलने वाले मेधावी छात्र अब केवल परीक्षा परिणामों तक ही सीमित नहीं रहेंगे. अब उन्हें हवाई यात्रा के जरिए देश के महानगरों तक पहुंचने और वहां के शैक्षणिक माहौल को जानने का अवसर मिलेगा. यह पहल जय आबूराज सेवा संस्थान फाउंडेशन, मुंबई और राजस्थान शिक्षा विभाग की साझेदारी से की गई है.
मुंबई की शैक्षणिक सैर पर जाएंगे अव्वल छात्र
इस योजना के तहत पाली, जालौर, सिरोही, राजपुरिया और रामगंजमंडी जिलों के कक्षा 12वीं के टॉपर्स (कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय से) को मुंबई की शैक्षणिक यात्रा करवाई जाएगी. छात्रों को न केवल हवाई सफर का पहला अनुभव मिलेगा. बल्कि वे मुंबई जैसे शहर में शिक्षा से जुड़े नए आयाम भी देख सकेंगे.
ग्रामीण शिक्षा को मिलेगा नया प्रोत्साहन
यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है. पहली बार देश में किसी गैर-सरकारी संगठन द्वारा इस स्तर पर सरकारी शिक्षा तंत्र के साथ मिलकर इस तरह की हवाई भ्रमण योजना को क्रियान्वित किया जा रहा है. इससे विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई उड़ान मिलेगी.
एमओयू पर हुए हस्ताक्षर
इस विशेष योजना को लागू करने के लिए राज्य परियोजना निदेशक अनुपमा जोरवाल और जय आबूराज सेवा संस्थान के निदेशक मोहनलाल माली के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए. इस अवसर पर शिक्षा विभाग की सहायक निदेशक डॉ. स्नेहलता शर्मा और स्थानीय शिक्षकगण भी उपस्थित रहे.