Fastag Annual Pass 2025: केंद्र सरकार ने टोल टैक्स में भारी राहत देने के लिए एक नया कदम उठाया है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को एक नई फास्टैग एनुअल पास योजना की घोषणा की जिसके तहत निजी वाहन मालिकों को मात्र ₹3000 में पूरे साल टोल क्रॉसिंग की सुविधा मिलेगी. योजना के अनुसार यह पास 200 टोल क्रॉसिंग या एक वर्ष, जो पहले पूरा हो, तक वैध रहेगा. इस पास को 15 अगस्त 2025 को लॉन्च किए जाने की योजना है.
फास्टैग एनुअल पास क्या है
अब तक फास्टैग पास की प्रक्रिया और अप्लाई करने के तरीके की कई जानकारियां सामने आ चुकी हैं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण सवाल है – क्या यह वाकई में मूल्य के लिहाज से फायदेमंद है? आइए समझते हैं इसकी वास्तविक उपयोगिता और बचत का गणित, खासतौर पर दिल्ली से प्रमुख शहरों तक यात्रा करने वालों के लिए.
दिल्ली-जयपुर रूट: कितनी होगी बचत?
मान लें कि आप दिल्ली से जयपुर महीने में केवल दो बार जाते हैं. इस रूट पर आपको चार टोल प्लाजा – घमरोज, हिलालपुर, भंडारराज और राजाधोक – को पार करना होता है. एक तरफ का टोल ₹322 होता है, यानी राउंड ट्रिप ₹644.
- महीने में 2 ट्रिप: ₹644 × 2 = ₹1288
- साल भर में: ₹1288 × 12 = ₹15,456
अब अगर आप ₹3000 में एनुअल फास्टैग पास लेते हैं, तो सीधे-सीधे ₹12,456 की बचत हो जाती है.
दिल्ली-चंडीगढ़ रूट: कितना फायदा?
दिल्ली से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह पास बेहद लाभकारी साबित हो सकता है. इस मार्ग में प्रमुख टोल प्लाजा हैं – मुरथल, पानीपत, घरौंडा और अंबाला. एक तरफ का टोल ₹405 है, यानी राउंड ट्रिप ₹810.
- महीने में 2 बार ट्रिप: ₹810 × 2 = ₹1620
- साल भर में टोल खर्च: ₹1620 × 12 = ₹19,440
यहां भी ₹3000 के पास से करीब ₹16,440 की सीधी बचत होती है.
दिल्ली-मुंबई रूट: लंबी दूरी में बड़ी राहत
अगर आप अक्सर दिल्ली से मुंबई रोड ट्रिप करते हैं, तो भी यह पास आपके लिए किफायती सौदा है. इस रूट पर 12 से 15 टोल प्लाजा पड़ते हैं. जिनमें प्रमुख नाम हैं – खेरकी दौला, किशनगढ़, अहमदाबाद रिंग रोड, सूरत, वापी और दहिसर. एक तरफ का कुल टोल ₹1900 के आसपास होता है, यानि राउंड ट्रिप ₹3800.
- केवल एक ट्रिप में ही ₹800 ज्यादा खर्च हो रहा है. जबकि एनुअल पास ₹3000 में 200 ट्रिप तक वैध है.
इस रूट पर कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर केवल एंट्री और एग्जिट गिनती होती है, जिससे ट्रिप की गणना सरल होती है और अधिकतम लाभ संभव है.
कौन ले सकता है यह पास?
यह योजना फिलहाल निजी वाहनों (प्राइवेट कारों) के लिए लागू की जा रही है. व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग नियम या पैकेज की संभावना हो सकती है, जिसकी जानकारी जल्द जारी की जाएगी.
कहां और कैसे मिलेगा फास्टैग एनुअल पास?
15 अगस्त 2025 से यह पास उपलब्ध होगा. इसे MyFASTag ऐप, बैंक फास्टैग पोर्टल या प्राधिकृत एजेंसियों से खरीदा जा सकेगा. इसमें वाहन नंबर, आरसी और आईडी प्रूफ जैसे दस्तावेज़ों की आवश्यकता होगी.
क्या है सीमाएं और शर्तें?
- यह सुविधा सिर्फ एक वाहन नंबर पर लागू होगी और ट्रांसफर नहीं की जा सकेगी.
- ₹3000 का एनुअल पास सिर्फ 200 टोल क्रॉसिंग या 12 महीने, जो पहले हो, तक मान्य है.
- ट्रिप की गणना टोल क्रॉसिंग के आधार पर होगी, न कि दूरी या रूट के आधार पर.