Digital Kisan Card: देशभर के किसानों को अब सरकारी योजनाओं का फायदा लेने के लिए कागजी झंझट से मुक्ति मिलने वाली है. केंद्र सरकार ‘फार्मर आईडी’ नाम से एक डिजिटल पहचान कार्ड जारी करने जा रही है. जिसे ATM की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा. इस पहल का उद्देश्य है कि हर योग्य किसान को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके. बिना किसी अतिरिक्त दस्तावेज के.
एक कार्ड, कई फायदे
फार्मर आईडी के जरिये किसानों को PM-Kisan, सब्सिडी, फसल बीमा, एमएसपी और सरकारी खरीद जैसी योजनाओं का लाभ एक क्लिक में मिलेगा. सरकार का मानना है कि इससे किसानों के लिए व्यवस्था पारदर्शी, आसान और तेज हो जाएगी.
फार्मर आईडी में होगी किसानों की पूरी जानकारी
फार्मर आईडी कार्ड में निम्नलिखित जानकारियां शामिल होंगी:
- किसान का नाम और आधार से लिंक पहचान
- उनके नाम पर दर्ज कृषि भूमि का पूरा विवरण
- प्रत्येक भूखंड के GPS निर्देशांक
- बोई गई फसल का रिकॉर्ड
- अब तक प्राप्त सरकारी योजनाओं का डेटा
इस डिजिटल प्रोफाइल से सरकार को किसानों की जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी और समय पर सही योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा.
संयुक्त जमाबंदी वालों के लिए भी बनेगी अलग आईडी
जहां जमाबंदी रिकॉर्ड एक से अधिक किसानों के नाम पर है. वहां भी सरकार ने प्रत्येक किसान के लिए अलग-अलग फार्मर आईडी जारी करने का फैसला लिया है. इसके लिए जमाबंदी में दर्ज रकबा बराबर बांटकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की गई है. राजस्व विभाग से अनुरोध किया गया है कि वे ROR (Record of Rights) में सभी किसानों का विवरण अलग-अलग पंक्ति में प्रदर्शित करें ताकि डेटा एकत्र करना सरल हो.
एग्रीस्टैक परियोजना के तहत 11 अंकों की यूनिक आईडी
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर आईडी की शुरुआत की गई है. इसके अंतर्गत हर किसान को एक 11 अंकों वाली यूनिक आईडी दी जाएगी, जो आधार से जुड़ी होगी. इस डिजिटल आईडी से किसान अपनी पहचान ऑनलाइन तरीके से प्रमाणित कर पाएंगे. जिससे लाभार्थी की पहचान में गड़बड़ी की संभावना खत्म हो जाएगी.
फार्मर आईडी क्यों है जरूरी?
फार्मर आईडी का महत्व आने वाले वर्षों में और बढ़ने वाला है. इसके बिना किसान को:
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि
- मुख्यमंत्री किसान योजनाएं
- फसल बीमा और MSP आधारित खरीदारी
- खेती से जुड़े लोन या क्रेडिट कार्ड सुविधाएं
जैसी सुविधाओं में रुकावट आ सकती है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि नामांतरण और क्रय-पंजीकरण प्रक्रिया में भी फार्मर आईडी आवश्यक होगी.
फार्मर आईडी से जुड़ी मुख्य योजनाएं और लाभ
- योजनाओं में स्वत: जुड़ाव
पात्र किसान खुद को PM-Kisan, फसल बीमा, खाद-बीज सब्सिडी, आदि में खुद जोड़ सकेंगे.
- MSP और सरकारी खरीद आसान
आईडी के जरिए किसान MSP पर फसल बेच सकेंगे. वह भी बिना किसी अतिरिक्त दस्तावेज के.
- डिजिटल फसल बीमा
किसानों को उनकी फसल के अनुसार ऑनलाइन फसल बीमा मिलेगा. जिसमें क्लेम भी तेजी से निपटाए जाएंगे.
- लोन की सुविधा
Kisan Credit Card (KCC) के लिए आवेदन आसान होगा और प्रक्रिया तेज चलेगी.
- कृषि परामर्श और सेवाएं
फार्मर आईडी के जरिए किसान को मिट्टी की स्थिति, मौसम और कृषि-जलवायु के अनुसार सलाह भी मिलेगी.
- योजनाओं में समानता
सरकारी लाभों का समान वितरण सुनिश्चित होगा और वंचित पात्र किसानों की पहचान हो पाएगी.
भविष्य के लिए मजबूत नींव रखेगा फार्मर आईडी
सरकार का यह कदम केवल एक डिजिटल पहचान तक सीमित नहीं है. बल्कि यह कृषि के डिजिटल भविष्य की आधारशिला है. आने वाले समय में जब खेती पूरी तरह टेक्नोलॉजी से जुड़ जाएगी, तब यही फार्मर आईडी किसानों को बाजार, वित्त और नीति से जोड़ेगी.