Alcohol Expiry Date: “शराब जितनी पुरानी, स्वाद उतना बेहतरीन” – यह कहावत आपने कई बार सुनी होगी, चाहे फिल्मों में हो या दोस्तों की बातचीत में। एज्ड व्हिस्की या पुरानी रम की तारीफें हर महफिल में होती हैं। लेकिन इसके बीच एक बड़ा सवाल भी उभरता है – क्या शराब वास्तव में कभी खराब नहीं होती? क्या इसमें एक्सपायरी डेट जैसा कोई नियम होता है? इस सवाल का जवाब जानना जरूरी है। खासकर उन लोगों के लिए जो शराब को स्टोर करके रखते हैं या इसका सेवन खास मौकों पर ही करते हैं। आइए जानते हैं कौन सी शराबें सालों तक चलती हैं, और किसे कुछ दिनों में ही अलविदा कहना पड़ता है।
कौन सी शराबें एक्सपायर नहीं होतीं?
Cocktails India यूट्यूब चैनल के फाउंडर संजय घोष उर्फ ‘दादा बारटेंडर’ बताते हैं कि वोदका, व्हिस्की, रम, टकीला और जिन जैसी शराबें एक्सपायर नहीं होतीं, बशर्ते बोतल सील बंद और सही तापमान पर स्टोर की गई हो। इन शराबों की खास बात यह है कि इनमें अल्कोहल का प्रतिशत ज्यादा होता है, जो इसे सालों तक संरक्षित और पीने योग्य बनाए रखता है।
क्यों बिगड़ती हैं वाइन और बीयर?
वाइन और बीयर उन शराबों में शामिल हैं जो एक्सपायर होती हैं। इसका कारण है इनमें मौजूद कम अल्कोहल कंटेंट।
- वाइन में मात्र 12-15% अल्कोहल होता है।
- बीयर में 4-8% अल्कोहल पाया जाता है।
अल्कोहल कम होने के कारण ये शराबें जल्दी ऑक्सीडाइज हो जाती हैं और खराब स्वाद देने लगती हैं। खासकर जब बोतल खुली हो या स्टोरेज सही न हो।
वाइन कितने दिनों में होती है खराब?
अगर वाइन की बोतल सील बंद हो, तो यह 5 साल तक स्टोर की जा सकती है, बशर्ते स्टोरेज सही हो। लेकिन अगर बोतल खुल चुकी है, तो यह अधिकतम 5 से 6 दिन में खराब हो सकती है। इसके बाद इसका स्वाद और खुशबू बिगड़ जाती है।
बीयर क्यों जल्दी बिगड़ती है?
बीयर ऑक्सीडाइजेशन के प्रति बेहद संवेदनशील होती है। यदि इसे कुछ घंटों के लिए खुला छोड़ दिया जाए, तो यह जल्द ही अपना स्वाद और गैस खो देती है। 2-3 दिनों में तो यह पूरी तरह पीने लायक नहीं रहती।
स्पिरिट्स को खोलने के बाद कितने दिन तक पिया जा सकता है?
व्हिस्की, रम, वोदका, जिन, टकीला जैसी शराबें अगर खुल भी जाएं, तो ये जल्दी खराब नहीं होतीं। लेकिन इनके स्वाद और खुशबू में धीरे-धीरे कमी आ सकती है।
संजय घोष बताते हैं कि खुली बोतल में हवा भर जाती है, जिससे अंदर की शराब ऑक्सीडाइज होने लगती है। इससे इसका फ्लेवर फीका पड़ सकता है। इसलिए सलाह दी जाती है कि इन शराबों को खोलने के एक साल के भीतर ही खत्म कर देना चाहिए।
एज्ड व्हिस्की क्या होती है और क्यों महंगी मिलती है?
जब किसी व्हिस्की को लकड़ी के बैरल में कई सालों तक रखा जाता है, तो वो ‘एज्ड व्हिस्की’ कहलाती है। लंबे समय तक बैरल में रहने से इसका स्वाद और सुगंध बेहतर होती है, इसलिए ये सामान्य व्हिस्की से महंगी होती है।
शराब स्टोर करते समय किन बातों का ध्यान रखें?
अगर आप चाहते हैं कि आपकी शराब लंबे समय तक चले, तो इन बातों का रखें ध्यान:
- सील बंद बोतल को ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर स्टोर करें
- धूप और गर्मी से बचाएं
- बोतल को बार-बार खोलने से बचें
- खुली हुई बोतल को जल्द खत्म करें