Delhi Vehicle Entry Ban: राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है. उन्होंने घोषणा की है कि 1 नवंबर 2025 से दिल्ली में बाहर से आने वाले सिर्फ BS6, CNG और इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों को ही एंट्री मिलेगी. यह फैसला खासतौर पर प्रदूषण फैलाने वाले पुराने वाहनों को रोकने के लिए लिया गया है.
पुराने वाहनों के लिए दिल्ली की सीमा रहेगी बंद
नए नियम के मुताबिक बाहर से दिल्ली में प्रवेश करने वाले कमर्शियल वाहनों के लिए अब यह अनिवार्य होगा कि वे BS6 मानक के हों या CNG या इलेक्ट्रिक वाहन हों. इससे पुराने डीजल-पेट्रोल वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित कर दी जाएगी. हालांकि दिल्ली में पंजीकृत पुराने वाहन इस नियम से अभी बाहर रखे गए हैं.
ठंड में प्रदूषण को रोकना है प्राथमिकता
हर साल सर्दियों में दिल्ली की हवा गंभीर स्तर के प्रदूषण का सामना करती है. धुंध, स्मॉग और वाहनों से निकलने वाला धुआं, राजधानी की आबोहवा को जहरीला बना देता है. CM रेखा गुप्ता ने इसी को ध्यान में रखते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि हम प्रदूषण के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएं.
ANPR कैमरों से होगी सख्त निगरानी
दिल्ली सरकार अब ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरों का उपयोग करेगी. ये कैमरे दिल्ली के सभी प्रवेश बिंदुओं और पेट्रोल पंपों पर लगाए जाएंगे. जैसे ही कोई गाड़ी वहां से गुजरेगी, कैमरा उसकी नंबर प्लेट स्कैन करेगा और पता चल जाएगा कि वह वाहन नियमानुसार है या नहीं.
पुरानी डीजल-पेट्रोल गाड़ियों पर लगेगा फ्यूल बैन
यदि कोई डीजल वाहन 10 साल से अधिक पुराना या पेट्रोल वाहन 15 साल से पुराना हुआ. तो उसे ‘एंड-ऑफ-लाइफ’ वाहन माना जाएगा. ऐसे वाहनों को न केवल दिल्ली में प्रवेश से रोका जाएगा. बल्कि उन्हें पेट्रोल पंपों से फ्यूल भी नहीं मिलेगा. इसका उद्देश्य ऐसे वाहनों को सड़कों से हटाकर प्रदूषण के मूल कारण को समाप्त करना है.
वाहन चालकों के लिए चेतावनी और कार्रवाई का संकेत
नियमों के उल्लंघन पर सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी. जिन वाहनों को एंट्री नहीं दी जानी है. यदि वे दिल्ली की सीमा में प्रवेश करते हैं तो उन्हें जगह पर ही रोका जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे 1 नवंबर से पहले अपने वाहनों की स्थिति की जांच कर लें.
दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा
इस नए नियम से इलेक्ट्रिक और CNG आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही यह कदम दिल्ली को हरित और स्वच्छ राजधानी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा.
प्रदूषण नियंत्रण के लिए नई दिशा की शुरुआत
इस नीति से यह साफ है कि दिल्ली सरकार अब लंबी अवधि के लिए प्रदूषण पर नियंत्रण की ओर बढ़ रही है. स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ हवा आवश्यक है और सरकार इसी को सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है.