Bihar Road Project 2025: बिहार सरकार ने राज्य के छह जिलों के लिए 70 करोड़ रुपये की लागत से 11 नई सड़क निर्माण योजनाओं को मंजूरी दी है। इसमें सड़क चौड़ीकरण, नाला निर्माण और जर्जर सड़कों की मरम्मत जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने सोमवार को इस आशय की जानकारी साझा की।
इन जिलों में मिलेंगी नई सड़कें
मंजूरी प्राप्त इन योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, ट्रैफिक को आसान बनाना और जलजमाव से राहत देना है। जिन जिलों को यह सौगात मिली है। उनमें पटना, मोतिहारी, सीतामढ़ी, मधुबनी, कैमूर और दरभंगा शामिल हैं।
मोतिहारी को मिले दो बड़े प्रोजेक्ट
मोतिहारी जिले के लिए जिन योजनाओं को मंजूरी दी गई है, उनमें प्रमुख हैं –
- बरियारपुर से हवाई अड्डा चौक तक दोनों ओर नाला और पेवर ब्लॉक का निर्माण।
- बलुआ फ्लाईओवर से टाउन थाना तक और वहां से गायत्री मंदिर तक डिवाइडर का कार्य।
ये परियोजनाएं शहरी सुंदरता और यातायात नियंत्रण में अहम भूमिका निभाएंगी।
सीतामढ़ी को मिलेगा नाला
सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड अंतर्गत कुम्मा बेला पथ के सौरभर, मनपौर, डिमाही बेला और मच्छपकौनी गांवों में सड़क किनारे नाले के निर्माण को मंजूरी मिली है। इसके साथ ही रीगा-ढेंग पथ में ससौला देवी स्थान के पास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नजदीक RCC नाला निर्माण की योजना भी स्वीकृत की गई है।
मधुबनी और कैमूर में भी होंगे विकास कार्य
मधुबनी जिले में राजनगर-बाबूबरही-खुटौना मार्ग के बाबूबरही बाजार वाले हिस्से में मरम्मत कार्य किया जाएगा। वहीं कैमूर के रामगढ़ प्रखंड में रामगढ़-दुर्गावती मार्ग पर देवहलिया बाजार के दोनों ओर नाला निर्माण की योजना है।
पटना को भी मिली कई अहम योजनाएं
राजधानी पटना में भी कई अहम सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनमें शामिल हैं:
- किदवईपुरी पथ का निर्माण।
- नागेश्वर कॉलोनी में राजीव प्रताप रूड़ी के घर से बोरिंग कैनाल रोड तक संपर्क पथ।
- बाजार समिति मोड़ से सैदपुर नहर तक सड़क चौड़ीकरण।
- गुड़ की मंडी से भिखना पहाड़ी पथ का निर्माण।
- गोसाईं टोला मोड़ से अल्पना मार्केट होते हुए हाउस नंबर 250 तक सड़क निर्माण।
- गर्दनीबाग के सरिस्ताबाद से होकर 70 फीट बायपास रोड तक नई सड़क परियोजना।
इन सभी परियोजनाओं से पटना शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का उद्देश्य
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि इन परियोजनाओं से शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, जलजमाव की समस्या खत्म करने और लोगों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार अन्य जिलों के लिए भी जल्द बड़ी योजनाएं ला सकती है।
स्थानीय निवासियों को होगा सीधा लाभ
इन योजनाओं से संबंधित इलाकों में व्यापारिक गतिविधियों में तेजी, यात्रियों को सहूलियत और विकास की गति तेज होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।