Bail Jodi Anudan Yojana: देश के किसानों की आर्थिक हालत लंबे समय से चिंता का विषय रही है. खेती की लागत बढ़ने और आमदनी सीमित रहने के चलते किसान कर्ज और परेशानियों के बोझ तले दबते जा रहे हैं. इन हालातों में राज्य और केंद्र सरकारें समय-समय पर किसान हितैषी योजनाएं लेकर आती हैं. ऐसी ही एक अहम योजना की शुरुआत अब राजस्थान सरकार ने की है. जिसका नाम है ‘बैल जोड़ी अनुदान योजना’.
योजना का उद्देश्य
इस योजना का मुख्य उद्देश्य है पारंपरिक बैल आधारित खेती को प्रोत्साहित करना और किसानों को ट्रैक्टर व ईंधन पर होने वाले खर्च से राहत दिलाना. इसके तहत एक जोड़ी बैल रखने वाले किसानों को ₹30,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
किन किसानों को मिलेगा योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ केवल लघु और सीमांत किसान ही ले सकेंगे जो अब भी खेती के लिए बैल का उपयोग करते हैं. आवेदनकर्ता किसान के पास अपने नाम की भूमि का स्वामित्व प्रमाण पत्र या वनाधिकार पट्टा होना चाहिए. इसके अलावा जनजातीय क्षेत्र के किसान और मंदिर भूमि पर खेती करने वाले पुजारी संरक्षक भी इस योजना के पात्र माने जाएंगे.
पात्रता की जरूरी शर्तें
- योजना में केवल 15 माह से 12 वर्ष आयु के बैल ही पात्र होंगे.
- पशु बीमा अनिवार्य है.
- किसान को तहसीलदार से प्राप्त प्रमाण-पत्र देना होगा.
- बैल जोड़ी की फोटो और बीमा पॉलिसी, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, किसान प्रमाण पत्र और शपथ पत्र आवश्यक हैं.
- 100 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पर शपथ पत्र देना होगा.
बैल आधारित खेती के फायदे
- ईंधन की लागत में बचत: बैल आधारित खेती में डीजल की आवश्यकता नहीं होती.
- मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है: ट्रैक्टर की तुलना में बैल से की गई जुताई मिट्टी के लिए ज्यादा फायदेमंद होती है.
- कम लागत में अधिक लाभ: जैविक खेती को बढ़ावा मिलता है और खर्च घटता है.
- कृषि उत्पादन में वृद्धि: लंबे समय तक खेती योग्य भूमि बनी रहती है.
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन
इस योजना के तहत आवेदन केवल राज किसान साथी पोर्टल या ई-मित्र केंद्र के माध्यम से ही किया जा सकता है. कोई भी ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. आवेदन के समय जनाधार कार्ड अनिवार्य है.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
- बैल जोड़ी के साथ किसान की फोटो
- पशु बीमा पॉलिसी की प्रति
- स्वास्थ्य प्रमाण पत्र
- शपथ पत्र (₹100 स्टाम्प पर)
- लघु या सीमांत किसान प्रमाण-पत्र
- भूमि स्वामित्व या वनाधिकार प्रमाण-पत्र
कब और कैसे मिलेगी सब्सिडी?
सभी वैध आवेदनों की जांच 30 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी. यदि आपका आवेदन स्वीकृत होता है, तो इसकी सूचना SMS और पोर्टल के माध्यम से दी जाएगी. किसानों को ₹30,000 की राशि सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी. जिसे वे बैल के चारे, इलाज और देखभाल पर खर्च कर सकते हैं.
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ
इस योजना का वितरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की नीति पर किया जाएगा यानी जल्दी आवेदन करने वाले किसानों को पहले सब्सिडी मिलेगी. इसलिए इच्छुक किसानों को सलाह दी जाती है कि वे बिना देर किए आवेदन प्रक्रिया पूरी करें.