Haryana Double Decker Bus Plan: हरियाणा के अंबाला शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक नई योजना तैयार की गई है. अब मुंबई और विदेशों की तर्ज पर यहां भी ओपन और डबल डेकर टूरिस्ट बसें चलाई जाएंगी, जो शहर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों से होते हुए सुभाष पार्क तक पर्यटकों को घुमाएंगी. इस योजना का मकसद अंबाला को एक आकर्षक टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है. जहां न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटक भी शहर की सुंदरता को देख सकें.
ओपन और डबल डेकर बसें दिखाएंगी शहर की खूबसूरती
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस योजना की जानकारी देते हुए कहा कि शहर तभी तरक्की करता है जब बाहर से लोग उसे देखने आते हैं. उन्होंने बताया कि अंबाला छावनी में जल्द ही ओपन और डबल डेकर बसें चलाई जाएंगी, जो शहीद स्मारक, विज्ञान केंद्र, बैंक स्क्वायर, रानी का तालाब होते हुए सुभाष पार्क तक जाएंगी.
सुभाष पार्क बनेगा मुख्य आकर्षण केंद्र
सुभाष पार्क इस समय अंबाला ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा में एक लोकप्रिय पिकनिक और पर्यटन स्थल बन चुका है. यहां हर दिन पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ देखने को मिलती है. मंत्री विज ने कहा कि इस पार्क को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए कई नई सुविधाएं शुरू की जाएंगी.
बच्चों के लिए टॉय ट्रेन और हॉट एयर बैलून की योजना
बच्चों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए अनिल विज ने सुभाष पार्क में टॉय ट्रेन और हॉट एयर बैलून राइड की सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए हैं. इससे बच्चों को पार्क में खेलने और कुछ नया अनुभव करने का अवसर मिलेगा. यह योजनाएं न सिर्फ बच्चों बल्कि उनके साथ आने वाले अभिभावकों को भी आकर्षित करेंगी.
नगर परिषद को दिए गए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
ऊर्जा मंत्री ने नगर परिषद अधिकारियों को आदेश दिया है कि वे इन योजनाओं को जल्द से जल्द लागू करें, ताकि शहर के लोगों को इनका लाभ जल्दी मिल सके. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सुविधाएं अंबाला को पर्यटन और बच्चों के मनोरंजन का हब बना सकती हैं.
पार्क में होंगे और भी ज्यादा फूल, झील में डाली जाएंगी मछलियां
मंत्री विज ने कहा कि सुभाष पार्क में पहले से ही बड़ी संख्या में फूल और पौधे लगे हुए हैं, जो इसकी सुंदरता को बढ़ाते हैं. लेकिन अब निर्देश दिए गए हैं कि पार्क में फूलों की संख्या और बढ़ाई जाए, ताकि यह हर मौसम में खिला-खिला दिखे. साथ ही पार्क की झील की सफाई कर उसमें मछलियां डाली जाएंगी. जिससे पर्यटकों और बच्चों के लिए यह स्थान और भी ज्यादा मनमोहक बन सके.
पर्यटन से मिलेगा स्थानीय लोगों को लाभ
ओपन बसें, टॉय ट्रेन, और हॉट एयर बैलून जैसी सुविधाएं न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएंगी, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे. पार्क और टूरिस्ट रूट पर कैफे, गाइड सेवा, टिकटिंग और देखरेख से संबंधित कई छोटे-बड़े व्यवसाय खड़े हो सकते हैं.