UIDAI New Rules: अगर किसी व्यक्ति को गलती से दो अलग-अलग आधार नंबर जारी हो गए हैं, तो अब इस पर स्पष्ट नियम लागू कर दिए गए हैं. आधार जारी करने वाली अथॉरिटी UIDAI ने इस विषय में नई गाइडलाइंस जारी की हैं. जिनका मकसद भविष्य में होने वाली गलतियों, कन्फ्यूजन और धोखाधड़ी को रोकना है. यह कदम ‘एक व्यक्ति – एक आधार’ नीति को मजबूत करेगा और डेटा सुरक्षा और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा परिवर्तन माना जा रहा है.
किस आधार नंबर को माना जाएगा वैध?
UIDAI की नई गाइडलाइन के अनुसार जिस आधार कार्ड में बायोमेट्रिक जानकारी (जैसे फिंगरप्रिंट, आंखों की स्कैनिंग) पूरी होगी, उसी नंबर को वैध माना जाएगा. यदि दोनों आधार कार्डों में से किसी एक में बायोमेट्रिक जानकारी अधूरी है, तो पहले जारी किया गया आधार कार्ड ही मान्य होगा. इसके अलावा दूसरे नंबर को अमान्य (इनवैलिड) घोषित कर दिया जाएगा. यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है ताकि एक ही व्यक्ति के नाम पर दो पहचानें न बनी रहें.
क्यों जरूरी थी यह नई गाइडलाइन?
पिछले कुछ समय में UIDAI के पास शिकायतें आ रही थीं कि कुछ लोगों को दो-दो आधार कार्ड मिल गए हैं. इससे न केवल पहचान को लेकर भ्रम पैदा हो रहा था, बल्कि सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग की संभावना भी बन रही थी. इन्हीं कारणों को ध्यान में रखते हुए अब UIDAI ने तय कर दिया है कि किस आधार नंबर को वैध माना जाएगा और किसे रद्द किया जाएगा. यह निर्णय अब बायोमेट्रिक डेटा के आधार पर होगा.
अगर आपके पास हैं दो आधार
यदि आपको लगता है कि आपके नाम पर दो आधार नंबर जारी हो गए हैं, तो तुरंत नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर संपर्क करें. UIDAI की टीम जांच कर यह तय करेगी कि कौन सा आधार मान्य रखना है और कौन सा रद्द किया जाएगा.
दस्तावेज़ों की नई सूची भी हुई जारी
UIDAI ने आधार बनाने और उसमें अपडेट करवाने के लिए जरूरी दस्तावेजों की नई और अपडेटेड लिस्ट भी जारी की है. यह बदलाव बच्चों, NRI, विदेशी नागरिकों और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए अलग-अलग तरीके से लागू किए जाएंगे.
अब कौन से दस्तावेज़ मान्य होंगे?
पहचान के प्रमाण के रूप में
- जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate)
- पासपोर्ट (Indian/Foreign)
- वोटर ID, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड
पते के प्रमाण के रूप में
- बिजली, पानी, गैस, टेलीफोन का बिल
- स्कूल या सरकारी संस्थानों द्वारा जारी प्रमाण पत्र
बच्चों के लिए
- अगर बच्चा 5 साल से छोटा है, तो उसके आधार नामांकन के लिए परिवार के मुखिया (HoF) का आधार अनिवार्य होगा.
विदेशी नागरिकों और OCI कार्डधारकों के लिए
- उनका आधार वीज़ा या यात्रा परमिट की वैधता तक ही मान्य रहेगा.
क्या दस्तावेज़ अब अनिवार्य हैं?
UIDAI के मुताबिक कुछ दस्तावेज़ अब अनिवार्य कर दिए गए हैं. खासकर NRI और छोटे बच्चों के मामले में.
- जन्म प्रमाणपत्र कई वर्गों के लिए अनिवार्य हो गया है.
- नाम, जन्मतिथि या लिंग में बदलाव के लिए भी अब मान्य दस्तावेज़ों की जरूरत होगी.
UIDAI ने साफ कर दिया है कि केवल वही दस्तावेज़ मान्य होंगे जो –
- वर्तमान में वैध हों
- व्यक्ति के नाम पर जारी हों
- और जिनमें दी गई जानकारी सत्यापन योग्य हो
क्यों जरूरी हैं ये बदलाव?
यह बदलाव आधार डेटा को और ज्यादा सुरक्षित, सटीक और विश्वसनीय बनाने के लिए लाए गए हैं. इससे अब
- फर्जी और दोहराए गए आधार नंबरों को हटाया जा सकेगा
- लोगों को अपने आधार रिकॉर्ड को अपडेट करवाने में आसानी होगी
- एक व्यक्ति – एक पहचान की नीति को सख्ती से लागू किया जा सकेगा
नया नियम क्या कहता है?
- यह प्रक्रिया आप UIDAI की वेबसाइट या नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर कर सकते हैं.
- अब एक व्यक्ति के दो आधार नंबर नहीं चलेंगे, केवल एक ही मान्य रहेगा.
- किस आधार को मान्य माना जाएगा. यह निर्णय अब बायोमेट्रिक जानकारी के आधार पर लिया जाएगा.
- UIDAI ने दस्तावेजों की नई लिस्ट जारी कर दी है. जिससे अब आधार अपडेट में पारदर्शिता और स्पष्टता आएगी.
- यदि आपने कभी दो आधार बनवाए हों या आपकी जानकारी में बदलाव हो, तो इसे तुरंत सही कराना जरूरी है.